खेल-खिलाड़ियों वाली फिल्में इधर बड़े पर्दे पर अपनी रंगत बिखेरने में कामयाब रही हैं। क्रिकेट, हॉकी, कुश्ती और बॉक्सिंग से लेकर कबड्डी, शूटिंग, बैडमिंटन तक की इधर चर्चाएं हो रही हैं। अगले साल आप बड़े पर्दे पर बास्केटबॉल का खेल भी देखने को तैयार रहिए।
सूत्रों का मानें तो कुश्ती पर आमिर खान के साथ दंगल बनाने वाले निर्देशक नितेश तिवारी की अगली फिल्म छिछोरे के केंद्र में बास्केटबॉल रहेगा। फिल्म के मुख्य हीरो सुशांत सिंह राजपूत बास्केटबॉल खिलाड़ी के रूप में नजर आएंगे।
कहानी मुख्य रूप से सात किरदारों की युवावस्था से बुजुर्ग होने तक के जीवनकाल को कॉमिक अंदाज में दिखाएगी और इनके बीच में बास्केटबॉल का अहम रोल होगा। अगस्त 2019 में रिलीज होने वाली फिल्म की टैगलाइन निर्देशक ने दी है: कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी।
पिछले महीने फिल्म की शूटिंग शुरू होने के साथ ही इसका पोस्टर जारी किया गया था। शूटिंग मुंबई में चल रही है। इसमें सुशांत के साथ श्रद्धा कपूर, ताहिर राज भसीन और प्रतीक बब्बर केंद्रीय भूमिकाएं निभा रहे हैं। भसीन विलेन बने हैं। फिल्म एक कॉलेज की कहानी है जहां बास्केटबॉल के मैच विभिन्न क्लबों के बीच प्रतिष्ठा का प्रश्न बने रहते हैं। एक टीम के लीडर सुशांत हैं तो दूसरी का नेतृत्व भसीन के पास है।