अनुष्का शर्मा की फिल्म एनएच 10 पर पिछले दिनों विदेशी फिल्मों से प्रेरित होने के आरोप लगे थे, परंतु अब राज खुला है कि इसका पूरा कथानक उत्तर भारतीय है।
सेंसर बोर्ड के सदस्यों द्वारा फिल्म को प्रमाणपत्र देने में आपत्ति के बाद रिवाइजिंग कमेटी ने बीते सप्ताह यह फिल्म देखी। सूत्रों के अनुसार फिल्म में ऑनर किलिंग बड़े मुद्दे के तौर पर सामने आया है।
फिल्म में खलनायक की भूमिका निभा रहे ऐक्टर दर्शन कुमार को ट्रेलर में दर्शक एक लड़की के साथ हिंसा करते देख चुके हैं। बताया जा रहा है कि एनएच10 में यह दृश्य ऑनर किलिंग से जुड़ा हुआ है, जिसमें दर्शन अपनी बहन बनी लड़की पर हिंसा कर रहे हैं।
यह लड़की परिवार की मर्जी के खिलाफ दूसरी जाति के लड़के से विवाह कर लेती है और विलेन उसकी हत्या कर देता है। सप्ताहांत के अवकाश पर निकले नायक-नायिका (नील बोपन्नम और अनुष्का शर्मा) हत्यारे का विरोध करते हैं और वहां से फिल्म एक नए रास्ते पर चल पड़ती है।