क्या हो कि अगर आपको अपनी कॉलेज लाइफ के छूटे लम्हे फिर से जीने को मिल जाएं। प्रेम का धागा वहीं से फिर जुड़ जाए, जहां उसे आप कॉलेज या स्कूल के दिनों में छोड़ आए थे। यही कहानी है तमिल की सुपरहिट फिल्म 96 की।
फिल्म विक्रम वेधा से हिंदी पट्टी में भी मशहूर हो चुके अभिनेता विजय सेतुपति और तृषा कृष्णन की ये तमिल फिल्म इन दिनों हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की नजरों में चढ़ी हुई है। अक्टूबर के पहले हफ्ते में रिलीज हुई 96 को हिंदी सिनेमा में ये प्रतिक्रिया गोविंद वसंत के बनाए संगीत को लेकर भी मिल रही है।
कम से कम दो प्रोडक्शन हाउस इस फिल्म का हिंदी रीमेक बनाने के कंपटीशन में शामिल हो चुके हैं। लेखक-निर्देशक सी प्रेम कुमार की ये फिल्म दो ऐसे लोगों की एक रात की कहानी है जो स्कूल में बिछड़ने के बाद अपने बैच के रीयूनियन पर बरसों बाद मिलते हैं। विजय सेतुपति की एक और सुपरहिट फिल्म विक्रम वेधा का हिंदी रीमेक निर्माता निर्देशक नीरज पांडे बना रहे हैं।