जाने माने संगीतकार ए आर रहमान ने बतौर प्रोड्यूसर एक और फिल्म बना डाली है। 'नो लैंड्स मैन' नाम की इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, ऑस्ट्रेलिया के रंगमंच के कलाकार मेगन मिशेल और बांग्लादेशी संगीतकार और अभिनेता तहसन रहमान खान मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
ए आर रहमान अपनी इस फिल्म के बारे में कहते हैं, 'समय हमेशा नई दुनिया और नए विचारों को जन्म देता है। हर नई जन्मी दुनिया में बहुत सी नई चुनौतियां होती हैं और बताने के लिए नई कहानियां होती हैं। यह कहानी भी उन कहानियों में से एक है।' इस फिल्म को अंग्रेजी में बनाया गया है। हालांकि, फिल्म के कुछ संवाद हिंदी और उर्दू में भी लिखे गए हैं। इस फिल्म की शूटिंग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत में ही हुई है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी थी और इसके पोस्ट प्रोडक्शन का काम भारत, अमेरिका और बांग्लादेश में चल रहा था। लेकिन, कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के बाद फिलहाल काम बंद कर दिया गया था।