अभिनेत्री नरगिस फाखरी को छह लाख की चपत लग गई है। नरगिस मुंबई में थी और अमेरिका में उनके कार्ड से धड़ाधड़ डॉलर निकाले जा रहे थे। उनके कार्ड से जब 6 लाख रुपए निकाल लिए गए तब कहीं जाकर कार्ड को ब्लॉक किया गया, लेकिन तब तक नरगिस को अच्छा-खासा नुकसान हो चुका था। नरगिस हाल ही में अमेरिका से लौटी हैं, ऐसे में वहां किसी ठग ने उनके कार्ड से डिटेल कॉपी कर ली और फिर 9062 डॉलर की खरीदारी कर ली।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अमेरिका में रहने वाले चेक-पाकिस्तानी मूल के एक शख्स ने नरगिस का कार्ड ब्लॉक करवाया, बैंक को अलर्ट किया और मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद कहीं जाकर नरगिस के कार्ड से टांजैक्शन का सिलसिला रुका।
नरगिस के कार्ड से यह ट्रांजैक्शन सोमवार को हुई। इस कार्ड को गलत तरीके से इस्तेमाल करने वाले शख्स ने नरगिस के कार्ड की डिटेल कॉपी करके उससे एक फर्जी कार्ड बनवा लिया। इस कार्ड से कुल 14 ट्राजेक्शन हुई। इनमें करीब 9,062 डॉलर (6 लाख रुपए) निकाले गए।
मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, वहीं बैंक के अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर इस मामले पर अभी ज्यादा जानकारी देने से इंकार कर दिया है।