इस वक्त इंडस्ट्री में तनुश्री को लेकर खलबली मची हुई है। तनुश्री का आरोप है कि साल 2008 में फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर नाना पाटेकर ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की। आरोप को गलत बताते हुए नाना पाटेकर का कहना है कि तनुश्री के आरोप बेबुनियाद हैं और इस मामले को लेकर वह कोर्ट तक जाएंगे।
एक तरफ जहां मामले में तनुश्री लगातार नए खुलासे कर रही हैं वहीं दूसरी तरफ नाना पाटेकर के वकील का बयान सामने आया है। नाना पाटेकर के वकील राजेंद्र शिरोडकर ने ANI से बातचीत में बताया- हम तनुश्री के बेबुनियाद आरोपों के लिए उन्हें लीगल नोटिस भेजने की तैयारी में हैं। हम आज ही उन्हें नोटिस भेजेंगे। इसके जरिए हम उनसे उनकी गलत बयानबाजी के लिए माफी मांगने की बात कह रहे हैं।
नाना पाटेकर पहले ही तनुश्री के आरोप को बेबुनियाद बता चुके हैं। नाना ने कहा कि ये बकवास है और वो अपना काम जारी रखेंगे। इस मामले में उस फिल्म के कोरियोग्राफर गणेश आचार्य और निर्देशक राकेश सारंग सहित कई लोगों ने नाना के पक्ष में बयान दिया जबकि प्रियंका चोपड़ा, फरहान अख्तर, रिचा चड्ढा और स्वरा भास्कर जैसे सितारे तनुश्री के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
बता दें कि तनुश्री दत्ता ने यह आरोप लगाया था कि नाना पाटेकर को एक पॉलिटिकल पार्टी भी सपॉर्ट कर रही थी। जब उन्होंने शूटिंग करने से इनकार किया तो उन लोगों ने तनुश्री की कार भी तोड़ने की कोशिश की थी।