अधिकतर लोगों के लिए सफलता का मतलब होता है नाम और प्रसिद्धि। लेकिन अभिनेता ऋतिक रोशन कहते हैं कि सफलता का मतलब है समय का सही तरीके से प्रबंधन करना। ऐसा प्रबंधन जिससे हम अपने हर काम को उसकी जरूरत जितना समय दे सकें।
ऋतिक रोशन ने कहा कि समय प्रबंधन के मामले में मैं अपने पापा राकेश रोशन को आदर्श मानता हूं। शायद यही वजह मैं उन्हें सफल व्यक्ति भी मानता हूं। मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में बोलते हुए ऋतिक रोशन ने कहा कि मैने अपने अनुभवों के जरिए सफलता को बिल्कुल अलग नजरिए से समझा है। मेरे अनुसार सफलता का मतलब शोहरत या दौलत नहीं है। यह किसी तरह की प्रशंसा नहीं है। सफलता का मतलब है कि आप अपने समय का प्रबंधन कैसे करते है। यह एक कला है।
यह पूछे जाने पर कि उनकी जानकारी में सबसे ज्यादा समय के पाबंद कौन हैं, उन्होंने कहा कि मेरे पिता मेरी जिंदगी के सबसे ज्यादा समय के पाबंद इंसान हैं। मैं उन्हें अपना आदर्श मानता हूं। ऋतिक रोशन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कृष 3' की तैयारियों में व्यस्त हैं। यह उनके होम प्रोडक्शन की फिल्म है। फिल्म इस साल नवंबर के महीने में रिलीज होगी।