80 और 90 के दशक में रूपहले पर्दे पर राज कर चुकीं अभिनेत्री श्रीदेवी को लगता है कि सिने जगत अब पहले से कहीं अधिक व्यवस्थित व संगठित हो गया है। श्रीदेवी ने 15 वर्षो बाद हाल ही में 'इंगलिश विंगलिश' फिल्म से रूपहले पर्दे पर वापसी की है। श्रीदेवी का कहना हैं कि अभी उनकी बेटियां फिल्मों में कॅरियर बनाने को लेकर मुझसे कोई बात नहीं करतीं।
श्रीदेवी ने कहा, "सिनेमा में अच्छे बदलाव हुए हैं। अब हर विभाग के लोग हैं और यह काफी व्यवस्थित हो गया है।"फिल्म निर्माता बोनी कपूर की पत्नी बन चुकीं 49 वर्षीय श्रीदेवी 'चालबाज' और 'मि. इंडिया' जैसी सफलतम फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। 1997 में 'जुदाई' जैसी सफल फिल्म के बाद उन्होंने फिल्मों से अवकाश ले लिया था।
श्रीदेवी महसूस करती हैं कि सेलिब्रेटी और मीडिया के बीच बातचीत भी बढ़ी है। उन्होंने कहा, "पहले यह बिल्कुल अलग था, क्योंकि चंद पत्रिकाएं ही हुआ करती थीं और आप सिर्फ उन्हीं फिल्मों के बारे में बातचीत करते थे, जिनमें आप उस समय काम कर रहे होते थे। फिल्म का प्रचार-प्रसार भी अब काफी शानदार और खर्चीला हो गया है।"
श्रीदेवी का कहना है कि उनकी बेटियां, जाह्न्वी और खुशी उनके करियर में काफी रुचि लेती हैं। उन्होंने कहा, "वे मेरी फिल्मों के बारे में चर्चा करती हैं, लेकिन वे फिल्मों में अपना करियर बनाने के बारे में चर्चा नहीं करतीं। जब वह मुझसे इस बारे में कोई सलाह मांगेंगी मैं तभी उन्हें कोई परामर्श दूंगी। मेरी बड़ी बेटी (जाह्न्वी) की परीक्षा चल रही है और फिलहाल वह पढ़ाई में व्यस्त है।"