यह कहानी उन युवाओं के लिए है, जो सपने देखते हैं। वेलेंटाइन वीक में ही लॉन्च शुभांगी पांडेय के म्यूजिक वीडियो ने भी सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी है। बरेली के इज्जतनगर की शुभांगी ने मलयालम म्यूजिक वीडियो 'इनीउन्नुम' में जिस कशिश के साथ एक चित्रकार की भूमिका में कैनवस पर एक युवा जोड़े का चित्र बनाकर नायक के संग होने की ख्वाहिश का इजहार किया है, उसे युवा खूब पसंद कर रहे हैं।
’क्रिव कैट इंटरटेनमेंट’ की पहल पर लेफि्टनेंट कर्नल मोहनलाल की ओर से लॉन्च इस म्यूजिक वीडियो को चौबीस घंटे के भीतर ही तकरीबन छब्बीस हजार से ज्यादा लोगों ने देखा, सराहा। गैर मलयालम भाषी होते हुए भी शुभांगी ने प्रभावी तरीके से मलयालम वीडियो में पैठ बनाई है, इसलिए मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के साथ ही उसे तकरीबन पूरे देश में सराहना मिल रही है।
अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन से ग्राफिक डिजाइन के दूसरे वर्ष की छात्रा शुभांगी की कला, नृत्य, खेल, अध्ययन एवं लेखन में भी गहरी रुचि है। म्यूजिक वीडियो 'इनीउन्नुम' में जलवा बिखेर रहीं शुभांगी ने इससे पहले कई फिल्म प्रोजेक्ट, लघु और विज्ञापन फिल्मों सहित म्यूजिक अलबम के लिए काम किया है। मौजूदा सफलता से उत्साहित शुभांगी मलयालम भाषा के सवाल पर कहती हैं, 'कला के क्षेत्र में भाषा बाधक नहीं बन सकती है। कला और अभिनय के क्षेत्र में निष्ठा से आगे बढ़ें, तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं है।' वहीं त्रिवेंद्रम के रहने वाले अरविंद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन के पूर्व छात्र रहे हैं। दोनों ही कलाकारों के लिए यह किसी डीम प्रोजेक्ट जैसा था।
आदर्श कृष्णदास की परिकल्पना और अश्विन आर एम एवं अरविंद पीके के निर्देशन में मधुर संगीत और शानदार फोटोग्राफी के साथ तैयार वीडियो के लिए नंदू टीके ने गीत लिखे और स्वयं अश्विन के साथ ही मोनिका ने स्वर दिए हैं। अबिन सागर ने गिटार और निखिल राम ने बांसुरी से सुरों को सजाया है।
'इनीउन्नुम ’ म्यूजिक वीडियो को जिस ढंग से युवा पसंद कर रहे हैं, उससे लगता है कि प्रेम की किसी कहानी के बीच भाषा की दीवार खड़ी नहीं होती। वीडियो में मलयालम भाषा है और उत्तर भारत के लोग पसंद कर रहे हैं।