दिवंगत अभिनेता इरफान खान की 'रोग' और इमरान हाशमी की मर्डर जैसी फिल्मों में डायलॉग लिखने वाले राइटर सुबोध चोपड़ा का निधन हो गया है। कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद उन्होंने शुक्रवार को आखिरी सांस ली। बीते दिनों सुबोध कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। हालांकि, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी थी, लेकिन इसके बाद हुए कॉम्प्लीकेशंस ने उनकी जान ले ली। सुबोध के छोटे भाई शंख्य ने अपने एक बयान में उनके निधन की पुष्टि की है।
शंख्य ने कहा, 'पिछले शनिवार उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। लेकिन सोमवार (10 मई) को उनकी हालत बिगड़ गई। उनका ऑक्सीजन लेवल अचानक से गिरने लगा। वे बहुत ही थकान महसूस कर रहे थे और उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ रहा था। आज सुबह उनकी हालत बिगड़ी तो मैंने उन्हें मलाड के लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हो गई। ये सभी वे कॉम्प्लीकेशंस हैं, जो कोविड फ्री होने के बाद आए।'
सुबोध चोपड़ा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में 1997 से लगातार एक्टिव थे। उन्होंने डीडी-1 के सीरियल 'रिपोर्टर' से बतौर स्क्रीन और डायलॉग राइटर इंडस्ट्री में कदम रखा था, जिसे विनोद पांडे ने डायरेक्ट किया था और शेखर सुमन, मोना आंबेगांवकर और दिवंगत राज किरण ने अहम भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कई विज्ञापनों का भी निर्देशन किया था। बता दें कि सुबोध सिर्फ फिल्मों में डायलॉग और स्क्रिप्ट ही नहीं लिखते थे बल्कि वे फिल्म डायरेक्टर भी थे।