शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'जर्सी' की तैयारियों में व्यस्त हैं। फिल्म में वह एक क्रिकेटर की भूमिका निभाएंगे जिसके लिए वह क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। यह फिल्म तेलुगू फिल्म 'जर्सी' की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। हिंदी रीमेक का निर्देशन गौतम कर रहे हैं। उन्होंने ही मूल फिल्म का निर्देशन किया था। शाहिद की इस फिल्म में अब अभिनेत्री मृणाल ठाकुर की एंट्री हो चुकी है। मृणाल पिछली बार ऋतिक रोशन की फिल्म 'सुपर 30' में नजर आयी थी। जानकारी के मुताबिक मृणाल ही इस फिल्म के लिए निर्देशक की पहली पसंद थी।
इस बारे में फिल्म के निर्देशक गौतम ने बताया, 'जब मैं जर्सी में शाहिद के अपोजिट अभिनेत्री कॉस्ट करने के बारे में सोच रहा था उस समय मेरे दिमाग में पहला नाम मृणाल का ही आया। दरअसल मुझे फिल्म 'सुपर 30' में उनका काम बेहद पसंद आया था। फिल्म में उनके आत्मविश्वास ने मेरा दिल जीत लिया था। जिसके बाद मुझे लगा कि 'जर्सी' के लिए मृणाल सर्वोत्तम विकल्प हैं और वह किरदार के साथ पूरा न्याय कर पाएंगी।
फिल्म का हिस्सा बनने पर मृणाल भी फूले नहीं समा रही हैं। अपनी खुशी साझा करते हुए उन्होंने कहा, 'जर्सी में शाहिद कपूर के अपोजिट किरदार के लिए चुने जाने से मैं बेहद खुश हूं। जब मैंने असल तेलुगू फिल्म देखी तो मैं काफी भावुक हो गई थी। इस फिल्म ने मेरे ऊपर काफी गहरा प्रभाव छोड़ा। मुझे ऐसा लगने लगा कि मैंने मात्र दो घंटों में ही अनुभवों का पूरा जीवन जी लिया। मैं पूरी रात फिल्म के बारे में ही सोचती रही, जिसके बाद मैंने सुबह फिर से वही फिल्म देखी।' गौरतलब है कि शाहिद कपूर, 'कबीर सिंह' के बाद एक बार फिर साउथ फिल्म की रीमेक में नजर आने वाले हैं। फिल्म के लिए शाहिद क्रिकेट पिच पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। यह फिल्म अगले साल 28 अगस्त को रिलीज होगी।