राजकुमार राव के साथ आएंगी नजर
बता दें कि फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' में जान्हवी के साथ अभिनेता राजकुमार राव नजर आएंगे। शरण शर्मा द्वारा निर्देशित यह फिल्म करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है। इस फिल्म में जान्हवी कपूर एक महिला क्रिकेटर के रूप में नजर आने वाली हैं। हाल ही में जान्हवी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक तस्वीर साझा की है। इसमें फिल्म के लिए उनके ट्रेनिंग सेशन की झलक देखने को मिल रही है।
साझा किया शानदार लुक
जान्हवी ने जो तस्वीर साझा की है, उसमें वह काफी शानदार नजर आ रही हैं। उन्होंने गुलाबी रंग की स्पोर्ट्स टीशर्ट पहनी हुई है और ग्रीन कलर के शॉर्ट्स। तस्वीर में जान्हवी हंसती हुई दिखाई दे रही हैं। वह फील्ड में घुटनों के बल बैठी हुई हैं। उनके पास बल्ला, ग्लव्स और हेलमेट रखे हुए हैं। जान्हवी की तस्वीर को देखते ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह फिल्म की तैयारी में किस कदर जुट गई हैं। इस तस्वीर के साथ जान्हवी ने कैप्शन में लिखा है, 'बैक टू द ग्राइंड।' जान्हवी ने लाफिंग इमोजी पोस्ट करते हुए हैशटैग में फिल्म का नाम लिखा है।
लिया है प्रशिक्षण
जान्हवी के इस पोस्ट को देखकर फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है। वह बेसब्री से अपनी चहेती अदाकारा की अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। एक तरफ जान्हवी के फैंस उनकी इस पोस्ट पर हार्ट इमोज बना रहे हैं तो कोई उन्हें बधाई दे रहा है। बता दें कि इस फिल्म के लिए जान्हवी कपूर ने महिला क्रिकेटर बनने के लिए बाकायदा ट्रेनिंग ली है, ताकि वह अपने किरदार के साथ न्याय कर सकें। इस फिल्म के अलावा जान्हवी फिल्म 'बवाल' में वरुण धवन के साथ नजर आएंगी।