फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moushumi Chatterjee: शादी के बाद करियर, प्रेग्नेंसी में गाना किया शूट, अभिनेत्री मौसमी चटर्जी से जुड़े किस्से

Sat, 26 Apr 2025 07:29 AM IST
पूनम कंडारी एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Moushumi Chatterjee Birthday: बॉलीवुड में एक धारणा है कि हीरोइन का करियर शादी के बाद, बच्चे होने के बाद लगभग खत्म हो जाता है, इस बात को 70 के दशक की अदाकारा मौसमी चैटर्जी ने गलत साबित करके दिखाया। आज मौमसी चैटर्जी का जन्मदिन (26 अप्रैल 1948) है। जानिए, मौसमी चटर्जी के फिल्मी करियर और एक्ट्रेस से जुड़े किस्सों के बारे में।
विज्ञापन
मौसमी चटर्जी - फोटो : एक्स (ट्विटर)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मौसमी चटर्जी का जन्म कोलकाता में हुआ। पिता भारतीय सेना में थे और दादा जी जज। मौसमी का असल नाम इंदिरा था। फिल्मों के लिए उन्होंने अपना नाम मौसमी कर लिया। मौसमी की शादी लगभग 15 साल की उम्र में जयंत मुखर्जी से हुई। जयंत, गायक हेमंत कुमार के बेटे थे। शादी के दो साल बाद वह मां भी बन गईं। शादी और मां बनने के बाद मौसमी चटर्जी का फिल्मी सफर शुरू हुआ। जानिए, मौसमी चटर्जी के फिल्मी सफर, इससे जुड़े किस्सों के बारे में। 

विज्ञापन


बाल कलाकार के तौर पर करियर की शुरुआत 
मौसमी चटर्जी ने बंगाली में एक फिल्म ‘बालिका वधू(1967)’ में बाल कलाकार के तौर पर काम किया। इस फिल्म को तरुण मजूमदार ने बनाया था। इसके बाद मौसमी के पास कई फिल्मों के ऑफर आए लेकिन वह पढ़ना चाहती थीं। एक इंटरव्यू में मौसमी बताती हैं, ‘एक्टिंग की बजाय मैं पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थी लेकिन दसवीं क्लास में थी तो एक करीबी रिश्तेदार की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए जयंत से शादी कर ली।’ 

 

 

 

हिंदी फिल्मों में डेब्यू 
साल 1972 में शक्ति सामंत ने फिल्म डायरेक्ट की ‘अनुराग’, इस फिल्म से मौसमी ने हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया। फिल्म में वह एक अंधी लड़की बनीं। इसके बाद वह कई नामी कलाकारों के साथ बतौर हीरोइन नजर आईं, इस लिस्ट में अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना जैसे नाम शामिल हैं। विनोद मेहरा के साथ तो मौसमी ने लगभग 10 फिल्मों में अभिनय किया था। 

प्रेग्नेंसी में भी अभिनय किया 
मौसमी चटर्जी ने जहां शादी के बाद अपना फिल्मी सफर शुरू किया, वहीं प्रेग्नेंसी के दाैरान भी फिल्में कीं। मनोज कुमार की फिल्म ‘रोटी कपड़ा और मकान’ में मौसमी एक सहायक भूमिका में दिखीं। इस फिल्म में उन पर एक गाना ‘महंगाई मार गई’ भी फिल्माया गया था, इस गाने की शूटिंग के समय मौसमी पांच महीने की प्रेग्नेंट थीं। फिल्मों में हीरोइन से सफर शुरू करने वाली मौसमी ने 80 के दशक में आते-आते कैरेक्टर रोल करना शुरू कर दिया। मौसमी अपने करियर से ज्यादा अपने परिवार को महत्व देती थीं, वह ब्रेक लेकर फिल्में किया करती थीं। मौसमी की जयंत कुमार से दो बेटियां थीं, जिनकी परवरिश को वह पूरा समय देती रहीं। 

जब मौसमी पर खूब हंसे अमिताभ बच्चन 
1979 में फिल्म ‘मंजिल’ रिलीज हुई, इस फिल्म में मौसमी चटर्जी, अमिताभ बच्चन की हीरोइन बनी थीं। फिल्म का एक गाना ‘रिमझिम गिरे सावन…’ काफी पसंद किया गया। पूरे गाने में बारिश होती है और हीरो-हीरोइन मुंबई की खास जगहों पर नजर आते हैं। इस फिल्म की शूटिंग पर बहुत ही मजेदार किस्सा हुआ था, इसे अक्सर ही मौसम चटर्जी अपने इंटरव्यू में साझा करती हैं। मौसमी कहती हैं, ‘हमने असली बारिश में शूटिंग की थी। जब शूटिंग खत्म हुई तो मुझे देखकर अमिताभ और सेट पर मौजूद लोग हंसने लगे। दरअसल, बारिश से मेरा आईलाइनर खराब हो गया और गालों की लाली से मिल गया। साथ ही मैंने जो साड़ी पहनी थी, उसका रंग भी मेरे शरीर पर लग गया।’ 

निभाया 80 साल की महिला का किरदार
फिल्म ‘जापानी वाइफ’ नाम की एक फिल्म भी मौसमी चटर्जी ने की थी। इसमें पिसिमा का रोल किया। फिल्म में उन्होंने 80 साल की महिला का किरदार किया, जबकि असल में मौसमी की उम्र काफी कम थी। कहा जाता है कि पहले ये रोल शर्मिला टैगोर या फिर राखी गुलजार करने वाली थी। मौसमी का मानना है कि पिसिमा का रोल करना उनका बिल्कुल सही फैसला था। 

विज्ञापन

फिल्म 'पीकू' में मौसमी चटर्जी - फोटो : एक्स (ट्विटर)

आखिरी बार हिंदी फिल्म ‘पीकू’ में नजर आईं  
साल 2015 में हिंदी फिल्म ‘पीकू’ में मौसमी चटर्जी नजर आईं, इस फिल्म में अमिताभ बच्चन भी थे। फिल्म में अमिताभ ने दीपिका पादुकोण के किरदार पीकू के पिता का रोल किया, वहीं मौसमी पीकू की मासी के रोल में दिखीं। सालों बाद अमिताभ और मौसमी एक साथ बड़ पर्दे पर नजर आए थे। फिल्म में मौसमी का रोल जरूर छोटा था लेकिन वह दर्शकों का खूब मनोरंजन करती हैं। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें