अभिनेता से सांसद बने भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ सुथरी फिल्में करने को कहा है। मुंबई मिरर में छपी खबर के मुताबिक, मोदी ने मनोज तिवारी से कम बजट वाली मसाला फिल्मों से दूर रहने की सलाह दी।
मोदी के आने के बाद से बीजेपी से जुड़े ग्लैमर वर्ल्ड के चेहरों को नई नियमावलियां थमा दी गई हैं। इसमें स्मृति इरानी, परेश रावल और मनोज तिवारी जैसे कई नाम हैं।
नरेन्द्र मोदी देखना चाहते हैं भोजपुरी फिल्म
मनोज तिवारी उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीते हैं। मनोज तिवारी ने कहा,"मोदी जी से मेरी बात हुई। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों से दूर रहने की सलाह कतई नहीं दी, लेकिन ये जरूर कहा कि मैं ऐसी फिल्में करूं जिन्हें वो देख सकें।"
मनोज तिवारी ने आगे कहा, "वो चाहते हैं कि हम साफ सुथरी सामाजिक संदेश देने वाली भोजपुरी फिल्में करें।" मनोज तिवारी ने कहा कि वो भोजपुरी को सरकारी भाषा का दर्जा दिलाना चाहते हैं।
भोजपुरी स्टार को मिलती ही कहां हैं साफ सुथरी फिल्में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो कहें लेकिन भोजपुरी फिल्मों की सच्चाई यही है कि आज भोजपुरी में साफ सुथरी फिल्में न के बराबर बनती हैं। तो भोजपुरी स्टार को साफ सुथरी फिल्में मिलने का सवाल ही नहीं उठता। वहीं ज्यादातर भोजपुरी स्टार पर्दे पर चमक बिखेरने के बाद बॉलीवुड की ओर मुंह कर लेते हैं।
आज भोजपुरी बेल्ट में जो भी फिल्में बनती या चलती हैं, उनमें ज्यादातर में दोअर्थी संवादों की भरमार होती है। वहीं फिल्मों में अश्लील दृश्य जबरदस्ती डाले गये होते हैं।