दुनिया में चोटी की ओटीटी सेवाएं देने वाली कंपनियों में शुमार अमेजन प्राइम वीडियो ने शनिवार को अपनी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज मिर्जापुर 2 की पहली झलक रिलीज कर दी। इसी दिन इस सीरीज के पहले सीजन ने रिलीज का एक साल भी पूरा किया। जैसे नेटफ्लिक्स को सैक्रेड गेम्स के सीजन वन ने भारत में लोकप्रियता दिलाई, उसी तरह मिर्जापुर ने प्राइम वीडियो के पैर भारत में जमाने में मदद की थी।
प्राइम वीडियो ने मिर्जापुर के दूसरे सीजन की पहली झलक तो साझा की है, पहले सीजन में कालीन भैया का किरदार निभाकर चर्चित हुए अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने भी दूसरे सीजन की इस झलक के साथ इंस्टाग्राम पर अपना खाता भी खोल लिया। पंकज त्रिपाठी लिखते हैं, “मिर्जापुर को एक साल हो गया है और यह एक दमदार साल रहा। मिर्जापुर वह शो है जिसके माध्यम से मुझे दर्शकों से बेशुमार प्यार और प्रशंसा मिली है। यह शो एक ऐसा प्रतीक बन गया है कि मैं जहां भी जाता हूं, मुझे प्रशंसक अक्सर कालीन भैया के नाम से ही संबोधित किया जाता है।”
मिर्जापुर सीजन 2 का जिक्र करते हुए पंकज ने लिखा, “मुझसे अक्सर पूछा जाता है कि यह कब रिलीज होगा। मैं भी सीज़न दो को लेकर उत्साहित हूं इसलिए मिर्जापुर के पहले जन्मदिन पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की शुरुआत करना और साथ ही शो के प्रशंसकों के लिए दूसरे सीज़न की झलक साझा करने के लिए ये दिन सही रहा।"
मिर्जापुर की कहानी दो भाइयों की ऐसी कहानी है जिसमें सत्ता का संघर्ष दिखाया गया है। मिर्जापुर के पहले सीजन को युवाओं ने खूब शोहरत दिलाई। इसमें अनुराग कश्यप की फिल्मों क तरह ही ड्रग्स, हथियार और हिंसा का महिमामंडन किया गया था।