मशहूर गीतकार गुलजार आज 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। गुलजार के जन्मदिन पर बॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियों ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दी। इस बीच गुलजार की बेटी मेघना गुलजार भी पीछे नहीं रही। इस मौके पर मेघना गुलजार ने जिंदगी के सिद्धान्त के बारे में बताया। साथ ही बताया कि उसने उनकी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी पर क्या प्रभाव डाला।
मेघना गुलजार हिंदी सिनेमाजगत की मशहूर डायरेक्टर हैं। हाल ही में मेघना की फिल्म 'राजी' रिलीज हुई थी जिसे लोगों का खूब प्यार मिला था। इस बीच मेघना ने इंटरव्यू के दौरान गुलजार और राखी पर बात करते हुए कहा - 'मेरी मां ने निजी और प्रोफेशनल जिंदगी बहुत ही गरिमा से जी है। मैं भी रोजाना यही कोशिश करती हूं। मैंने कभी भी अपने परिवार को ऐसा मौका नहीं दिया कि उन्हें मुझ पर शर्म आए।'
मेघना गुलजार ने आगे कहा - 'मेरे पिता लेखक और गीतकार है। उनकी जिंदगी बहुत ही साधारण जी है। गुलजार साहब की फिल्म 'इज्जत' का एक डायलॉग है जो सच है और सही है वही करो। इसी को मैं फॉलो करती हूं।' आपको बता दें, राखी और गुलजार दोनों ही अलग संस्कृतियों से ताल्लुक रखते हैं। राखी बंगाली हैं जबकि गुलजार पंजाबी।
सार्वजनिक जीवन में बेहद सफल रहे गुलजार की शादीशुदा जिंदगी उतनी बेहतर नहीं रही। मेघना के जन्म के एक साल बाद 1974 में दोनों अलग हो गए हालांकि गुलजार और राखी के बीच तलाक नहीं हुआ लेकिन दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं।