‘तुम्बाड’ का निर्देशन करने वाले अनिल बर्वे अब अपनी नई फिल्म ‘मायासभा’ लेकर आए हैं। रिलीज से पहले फिल्म का कोई प्रमोशन नहीं किया गया। लेकिन ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब फिल्म रिलीज हो चुकी है और दर्शक फिल्म को देखने के बाद अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। जानते हैं ‘मायासभा’ देखने के बाद दर्शकों ने दी कैसी प्रतिक्रियाएं?
अधिकांश दर्शक फिल्म को पसंद कर रहे हैं। एक यूजर ने ‘मायासभा’ को पांच में से चार स्टार देते हुए कहा, ‘मायासभा एक दिल को छू लेने वाला मनोवैज्ञानिक ड्रामा है जो भव्यता की बजाय भावपूर्ण अभिनय पर जोर देता है। यह लालच और भ्रम की धीमी गति से होने वाली कहानी है। यह हर किसी के लिए नहीं है, लेकिन अगर आपको चरित्र-प्रधान तनाव पसंद है तो इसे जरूर देखें।’ एक अन्य यूजर ने फिल्म को जरूर देखने वाली बताते हुए लिखा, ‘यह एक बेहतरीन ढंग से निर्मित मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है, जिसकी कहानी अनोखी है और स्क्रिप्ट बेहद दिलचस्प है। जावेद जाफरी का अभिनय दमदार है, वहीं निर्देशन भी पूरे समय शानदार बना रहता है।’
जावेद जाफरी की एक्टिंग के कायल हुए फैन
फिल्म में अधिकांश दर्शकों को जावेद जाफरी का अभिनय काफी पसंद आ रहा है और वो उनकी दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि जावेद जाफरी ने पूरी फिल्म को अपने कंधों पर उठाया है और बखूबी संभाला है। इसके अलावा एक और यूजर ने भी जावेद जाफरी के एक्टिंग को जमकर सराहा है।
कुछ दर्शकों को नहीं पसंद आई फिल्म
हालांकि, कुछ दर्शकों को फिल्म उतना नहीं लुभा पाई, जितनी उन्हें उम्मीद थी। एक यूजर ने लिखा कि आखिरी 30 मिनट तक फिल्म अच्छी है, जब किसी के बारे में कुछ खुलासा होता है। वो खुलासा बिलकुल ही गैरजरूरी था। जबरदस्ती थोपा गया था। फिल्म अच्छी है, लेकिन चूंकि मैं व्यक्तिगत रूप से उस बात पर विश्वास नहीं करता। एक अन्य यूजर को भी फिल्म कुछ खास पसंद नहीं आई और इसे निराशाजनक बताया है।
अनिल बर्वे ने किया है निर्देशन
अनिल बर्वे द्वारा निर्देशित ‘मायासभा’ में जावेद जाफरी मुख्य भूमिका में हैं, जो 'परमेश्वर खन्ना' का किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में वीना जामकर, दीपक दामले और मोहम्मद समद भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।