बोले- बेहद मुश्किल किरदार था
बीते दिनों एक इंटरव्यू में ललित प्रभाकर ने कहा, ‘यह एक चुनौती थी। कई कारणों से यह एक बेहद मुश्किल किरदार था। सबसे पहले मुझे कासाब के मनोविज्ञान को समझना था ताकि मैं पर्दे पर उसके किरदार में ढल सकूं और उसी के अनुरूप अभिनय कर सकूं। मुझे उसकी भाषा की बारीकियों को समझना था, जो हमारी भाषा से अलग है और उसकी शारीरिक भाषा के अनुसार ढलना था। लेकिन उससे भी बढ़कर, मैं कुछ ऐसा करना चाहता था जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। मैं हमेशा से खुद को ऐसी भूमिकाओं में देखना चाहता था जो मेरे लिए सोची भी न गई हों। मुझे अपने अभिनय की सीमाओं का विस्तार करना पसंद है।’
क्या खास है प्रहार के ट्रेलर में?
मेकर्स ने मंगलवार को फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’ का ट्रेलर रिलीज किया था। इसमें 26/11 हमले को दिखाया गया है। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद अजमल कसाब के खिलाफ चले मुकदमे में उज्ज्वल निकम ने सरकार की ओर से केस लड़ा था। उनकी इस लड़ाई में कई अड़चने आई थीं। यह सब फिल्म में दिखाया गया है। ट्रेलर में वामिका गब्बी और जयदीप अहलावत की झलक भी मिलती है।
कब रिलीज होगी ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी’?
- फिल्म में राजकुमार राव वकील उज्ज्वल निकम का किरदार निभा रहे हैं।
- वामिका गब्बी भी फिल्म में अहम किरदार में नजर आएंगी।
- जयदीप अहलावत पाकिस्तानी अफसर के किरदार में दिखाई देंगे।
- वहीं अभिनेता ललित प्रभाकर फिल्म में अजमल कसाब की भूमिका निभा रहे हैं।
- यह 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।