मनोज बाजपेयी इन दिनों फिल्म 'गजब रात' के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। वहीं फिल्म की अभिनेत्री नुसरत भरूचा अपने साथ बाली में हुए हादसे के बाद आराम कर रहीं हैं। इस पर अमर उजाला से बातचीत में एक्टर ने काफी कुछ कहा। जानें क्या बोले मनोज...
नुसरत की सेहत पर क्या बोले मनोज?
अभिनेता मनोज बाजपेयी से नुसरत के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। मनोज ने कहा, 'मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। दुर्भाग्य से, मेरे पास उनका नंबर नहीं है। सच कहूं तो मुझे किसी से उनका नंबर मांगना बहुत अजीब लग रहा था। वह एक लड़की हैं और उनकी अपनी एक स्पेस है। लेकिन मैं उनके लिए ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं भेजता हूं।'
विज्ञापन
बता दें कि ‘गजब रात’ की प्रमोशनल गतिविधियों में नुसरत के अलावा अक्षय ओबेरॉय, कीकू शारदा और अदिति संध्या शर्मा भी शामिल नहीं हैं। बातचीत के दौरान मनोज ने इन कलाकारों के काम की भी तारीफ की।
बाली में हादसे का शिकार हुई थीं नुसरत
नुसरत भरूचा बाली में छुट्टियां बिताने के दौरान हादसे का शिकार हो गई थीं। इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। अब सर्जरी के बाद नुसरत घर पर आराम कर रही है। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
नुसरत भरूचा
- फोटो : सोशल मीडिया
सोशल मीडिया पर दिया सेहत का अपडेट
नुसरत ने 10 अक्टूबर को हादसे के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की। उन्होंने सूर्यास्त की तस्वीर के साथ लिखा, ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।’ इसके बाद उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि चीजें धीरे-धीरे बेहतर होती हैं। 15 अक्टूबर को उनकी टीम ने बताया कि सर्जरी सफल रही है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। फिलहाल वह घर पर आराम कर रही हैं और स्वस्थ होने की प्रक्रिया से गुजर रही हैं।
मनोज बाजपेयी की फिल्म गजब रात
- फोटो : इंस्टाग्राम @bajpayee.manoj
'गजब रात' में नजर आएंगे मनोज बाजपेयी
काम के मोर्चे पर मनोज बाजपेयी जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म 'गजब रात' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ साकिब सलीम, दिव्या दत्ता और नुसरत भरूचा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है। फिल्म 23 अक्तूबर को ओटीटी पर रिलीज होगी।