बॉलीवुड के शानदार एक्टर में गिने जाने वाले मनोज बाजपेयी को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एक बार फिर से वह अपनी शानदार फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। जी हां साल 2017 में आई उनकी फिल्म 'गली गुलियान' (इन द शैड्स) को इस बार इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में दिखाया जाएगा। मनोवैज्ञानिक रोमांच से भरपूर इस फिल्म में मनोज बाजपेयी की एक्टिंग की हर किसी ने तारीफ की है।
खास बात यह है कि मनोज बाजपेयी की यह दूसरी ऐसी फिल्म है जिसे इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में दिखाया जाएगा। इससे पहले उनकी बहुचर्चित फिल्म 'लव सोनिया' भी इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में दिखाई जा चुकी है। वहीं इतने बड़े फिल्म फेस्टिवल में मनोज बाजपेयी की दूसरी फिल्म दिखाए जाने पर उन्होंने खुशी जाहिर की है।