न्यूयार्क में कैंसर का इलाज करा रहीं अभिनेत्री मनीषा कोइराला के लिए यह समय उन्हें उनके आध्यात्मिक ज्ञान का अहसास कराने में काफी मदद कर रहा है। अपने इलाज के दौरान मिली शांति की वजह से अब उनका दिमाग काफी कुछ नया सोच रहा है। मनीषा ने कहा है कि वह अब अपनी आत्मकथा लिखना चाहती हैं। यह विचार उन्हें अपनी बीमारी और उसकी वजह से हुए अकेलेपन की वजह से आया है।
मनीषा ने कहा कि अब समय आ गया है कि मैं अपनी पूरी जिंदगी की समीक्षा करूं। अपनी जिंदगी की इस समीक्षा को मैं एक किताब के माध्यम से लोगों तक पहुंचाऊं। मनीषा ने फेसबुक पर लिखा कि मैं अपना सौ फीसदी दे रही हूं और बाकी भगवान पर छोड़ दिया है। मैंने यह गौर किया है कि आत्मसमर्पण कर देने से शांति मिलती है। मैं इस दौरान काफी कुछ सीख रही हूं। उन्होंने कहा कि क्या यह श्राप है या कोई दुआ पूरी हो गई है? स्वास्थ लाभ की इस अवस्था में अपनी आत्मकथा में अपने विचारों को लिखूंगी।
मुझे लगता है मैं इस चीज के लिए तैयार हूं। अभी काफी कुछ पाना शेष है। 42 वर्षीया मनीषा पिछले कुछ समय से कैंसर का इलाज करा रही हैं। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। देखना यह है कि वह अपनी आत्मकथा कब से लिखना शुरू कर पाती हैं।
तुषार के साथ आयटम नंबर करेंगी प्रियंका
संजय गुप्ता की फिल्म 'शूटआउट एट वडाला' काफी दिनों से चर्चा में है। इस चर्चा का मुख्य विषय जॉन और बिपाशा थे। बिपाशा पहले इस फिल्म में आयटम नंबर करने वाली थीं लेकिन जॉन से ब्रेकअप होने के बाद बिपाशा इस आयटम सॉन्ग में नहीं हैं। बिपाशा की इस जगह को प्रियंका चोपड़ा भरने वाली हैं। अब वह इस आयटम नंबर को करेंगी। खास बात यह है कि इस आयटम नंबर में प्रियंका चोपड़ा अकेले नहीं होंगी। इस आयटम नंबर में उनके साथ तुषार कपूर भी होंगे। तुषार कपूर इस फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार भी निभा रहे हैं। फिल्म के निर्देशक संजय गुप्ता ने इस बात के संकेत दिए है कि इस आयटम नंबर की खबर फिल्म रिलीज से पहले न हो पाए। लेकिन सूत्रों की माने तो प्रियंका चोपड़ा इस आयटम नंबर के लिए काफी गंभीर हैं और वह अभी से इसकी तैयारी भी कर चुकी हैं।
पंकज को पीनी पड़ गई शराब
11 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म 'मटरु की बिजली का मनडोला' में पकंज कपूर को एक आदतन शराबी दिखाया गया है। वह फिल्म में ज्यादातर नशे में ही रहे हैं। पर इधर एक चौंकाने वाली बात सामने आयी है। पंकज कपूर असल जिंदगी में शराब को हाथ भी नहीं लगाते। पंकज खुद मानते हैं कि शराब पीये बिना शराबी की भूमिका निभाना बेहद कठिन था। पंकज कपूर कहते हैं कि अपने इस किरदार को करने के लिए उन्होंने उन दोस्तों के शराब पीने के अंदाज पर गौर किया जो काफी शराब पीते हैं। उनकी ऐक्टिवटी गौर करने करने की वजह से मैं यह किरदार कर पाया। पंकज कहते हैँ कि इस किरदार को सही तरीके से निभाने के लिए विशाल ने भी काफी मदद की। पंकज ने बताया है कि मंडोला का जो किरदार है, उसका अल्कोहलिक होना बेहद जरूरी था इसलिए मैने थोड़ी बहुत शराब भी चखी है।
ग्लैमरस दिखना चाहती हैं परिणिती
सोनाक्षी सिन्हा के बाद अब ऑनस्क्रीन ग्लैमरस दिखने का बुखार परिणिती चोपड़ा पर भी चढ़ चुका है। 'इश्कजादे' फिल्म में वह सिर्फ सलवार-कमीच में दिखी थीं। अब उनकी ईच्छा ग्लैमरस कपड़े पहनने की है। उनकी यह इच्छा जल्द ही पूरी भी होने जा रही है। उन्हें यशराज बैनर की फिल्म 'किल बिल' ऑफर हुई है। इस फिल्म में वह एक ग्लैमरस रोल में नजर आएंगी। परिणिती इस फिल्म में ज्यादातर स्कर्ट में ही दिखेंगी। परिणिती कहती हैं कि मुझे सलवार-कमीच पहनने में कोई बुराई नहीं दिखती लेकिन मैं किसी भी एक टाइप के रोल या पहनावे में टाइप्ड नहीं होना चाहती। इसीलिए मैं चाहती हूं कि मैं अब ऐसा किरदार करूं जहां मुझे वेस्टर्न पोशाक पहनने का मौका मिले। आने वाली इस फिल्म में परिणिति के साथ रणवीर सिंह नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन शाद अली कर रहे हैं।
अनिल सीखेंगे मार्शल आर्ट
अपने महत्वाकांक्षी टीवी प्रोजेक्ट '24' को बेहतरीन बनाने के लिए अनिल कपूर अब मार्शल आर्ट सीखने जा रहे हैं। मार्शल आर्ट एक्सपर्ट कनिष्क शर्मा जल्द ही अनिल कपूर को ट्रेनिंग देने वाली हैं। कनिष्क बताती हैं कि अभिनव देव ने अनिल कपूर से उनकी मुलाकात करवायी है। हम जल्द ही ट्रेनिंग शुरु करने वाले हैं। इस मार्शल आर्ट को सीखने के बाद उनका बॉडी लैग्वेंज बदले हुए अंदाज में नजर आएगा। यह ऐसा आर्ट है जिससे आप सामने वाले को तीन सेकेंड में चित्त कर सकते हैं। वैसे यह टास्क फोर्स को दी जाने वाली मार्शल आर्ट ट्रेनिंग है। मालूम हो कि 24 मूल रूप से अमेरिकी क्राइम थ्रिलर शो है। जिसके हिंदी राइट्स अनिल कपूर ने खरीदे हैं।