मुंबई में मामी फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान आमिर खान, किरण राव, श्याम बेनेगल, तब्बू, राधिका आप्टे, करण जौहर और अनिल कपूर समेत कई हस्तियां पहुंचीं। इस साल मामी में कई फिल्में शामिल हुई हैं जिनमें निर्देशक वासन बाला की फिल्म मर्द को दर्द नहीं होता भी है।
प्रीमियर शो के दौरान दिखाई गई इस फिल्म को सभी ने बेहद सराहा। यही नहीं फिल्म खत्म होने के बाद सभी ने खड़े होकर तालियां भी बजाईं। प्रोड्यूसर रॉनी स्क्रूवाला ने बताया कि हम फिल्म को इस साल नवंबर में रिलीज करने का प्लान बना रहे थे लेकिन जिस तरह इसे रिस्पॉन्स मिल रहा है उसे देखते हुए हम इसे अगले साल रिलीज करेंगे। इससे पहले मर्द को दर्द नहीं होता 43वें टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में ग्रोल्स व्यूअर्स च्वाइस अवॉर्ड मिला है। मर्द को दर्द नहीं होता ने डेविड गार्डन की ग्रींस हैलोवीन और सैम लेविंसन की एसेसिनेशन नेशन को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।
फिल्म में नवोदित अभिनेता अभिमन्यु दसानी और राधिका मदान ने अभिनय किया है। दसानी ने एक ऐसे युवक का किरदार निभाया है, जो एक रोग से ग्रसित है जिसके चलते उसे दर्द नहीं होता। अभिमन्यु एक्ट्रेस भाग्यश्री के बेटे हैं। फिल्म में अपने रोल के लिए उन्होंने जिमनास्टिक्स, मार्शल आर्ट्स, स्टिक फाइटिंग भी सीखी है।
डायरेक्टर वासन बाला ने ही इसकी कहानी भी लिखी है। वासन ने इससे पहले अनुराग कश्यप के साथ मिलकर फिल्म रमन राघव 2.0 और बॉम्बे वेलवेट लिखी थी। वो देव डी के वक्त से ही अनुराग कश्यप के साथ जुड़े रहे हैं।