'पासपोर्ट', 'चुक्कन' और 'उस्ताद' जैसी शानदार फिल्मों का निर्देशन करने वाले और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने फिल्ममेकर थम्पी कन्ननथनम का मंगलवार को निधन हो गया है। थम्पी कन्ननथनम को मलयालम फिल्मों के शानदार निर्देशक और निर्माता के तौर पर जाना जाता था। उन्होंने कई फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो 65 वर्ष के थम्पी कन्ननथनम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। उन्हें मलयालम फिल्म के सुपरस्टार मोहनलाल को लॉन्च करने के लिए जाना जाता है। थम्पी कन्ननथनम ने साल 1986 में सुपरस्टार मोहनलाल को अपनी फिल्म 'राजविन्ते मकान' से लॉन्च किया था।
इस फिल्म की सफलता के बाद मोहनलाल ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और वह आज मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार बन गए हैं। वहीं थम्पी कन्ननथनम के निधन की खबर सुनकर मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। उनके निधन पर मोहनलाल ने दुख प्रकट करते हुए कहा है- 'लंबे समय का मेरा दोस्त अब नहीं रहा, हम दोनों ने राजविन्ते मकान का सीक्वल बनाने का विचार बनाया था जो अब कभी पूरा नहीं हो सकेगा। मुझे उनके निधन का काफी दुख है। मुझे सुपरस्टार बनाने में थम्पी कन्ननथनम का सबसे बड़ा योगदान रहा है।'
आपको बता दें कि थम्पी कन्ननथनम ने अपने पूरे फिल्मी करियर में 16 फिल्म का निर्देशन और 7 फिल्म को प्रोड्यूस किया। वह साल 1983 से लेकर 2004 में फिल्मी परदे पर सक्रिय रहे। थम्पी कन्ननथनम ने 10 फिल्मों में अपनी अभिनय से भी दर्शकों का दिल जीता।