एक्ट्रेस के अपहरण मामले में गिरफ्तार मलयाली एक्टर दिलीप ने एक बार फिर केरल हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की है। उनकी जमानत याचिका दो बार पहले ही खारिज की जा चुकी है। दिलीप ने सबसे पहले अंगमाली कोर्ट में याचिका डाली थी जो कोर्ट ने खारिज कर दी थी। इसके बाद दिलीप ने केरल हाईकोर्ट का रुख किया था लेकिन यहां भी उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
पढ़ें: दिलीप की मुश्किलें बढ़ीं, हत्या में शामिल होने का भी लगा आरोप
Malyalam Actress Molestation Case: Actor Dileep approached Kerala HC for the second time & submitted his bail application.
— ANI (@ANI) August 10, 2017
क्या है पूरा मामला-
दिलीप को पुलिस ने इस अपहरण केस का मास्टरमाइंड मानते हुए 10 जुलाई को गिरफ्तार किया था। दिलीप ने 17 फरवरी को कोच्चि जाते वक्त एक्ट्रेस का न केवल अपहरण करवाया था बल्कि उसकी तस्वीरें खींचने और अश्लील वीडियो बनाने को भी कहा था। पुलिस के सूत्रों के अनुसार दिलीप ने ये साजिश साल 2013 में ही रची थी। इसके लिए उन्होंने एक शख्स को डेढ़ करोड़ रुपये भी दिए थे।
खबरों के अनुसार मामले में गिरफ्तार एक्ट्रेस के ड्राइवर पुल्सर सुनी ने पुलिस को बताया है कि दिलीप ने कई एंगल से अभिनेत्री का वीडियो बनाने को कहा था। इस मामले में पुल्सर सुनी और दिलीप के मैनेजर समेत कुल छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं। दिलीप को एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स यानि कि अमा (AMMA) ने न केवल प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया है बल्कि कोषाध्यक्ष के पद से भी निष्कासित कर दिया है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ति एक्ट्रेस दिलीप की तब पत्नी रहीं मंजू वारियर के काफी करीब थीं। दिलीप का साल 2015 में मंजू से तलाक हो गया था जिसके बाद उन्होंने एक्ट्रेस काव्या माधवन से शादी कर ली थी। दिलीप को लगता है उनके और मंजू के अलगाव में एक्ट्रेस का हाथ रहा है।
दिलीप की शादी को लेकर हुआ था बड़ा खुलासा-
इस मामले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने खुलासा किया है कि दिलीप की पहली पत्नी मंजू वॉरियर नहीं, बल्कि कोई और ही थीं।
पुलिस के मुताबिक दिलीप ने मंजू से पहले अपनी एक रिश्तेदार से शादी की थी। ये शादी दिलीप ने फिल्मों में अपने डेब्यू करने से पहले की थी। जांच के मुताबिक दिलीप अभी तक अपनी पहली पत्नी से कानूनी तौर पर अलग नहीं हुए है और उनकी पत्नी विदेश में रह रही हैं। ऐसे में दिलीप की मंजू वॉरियर और काव्या माधवन से शादी अवैध करार दी जा सकती हैं।
दिलीप ने मंजू वॉरियर से साल 1998 में शादी की थी और 2015 में दोनों अलग हो गए थे। दोनों की एक बेटी मीनाक्षी भी है। वहीं अपनी को-स्टार काव्या माधवन से उन्होंने पिछले साल शादी की थी।