ऐसी क्या जरूरत आ पड़ी कि सेक्सी बिपासा बसु को मन की शांति की तलाश में पाठ करने का सहारा लेना पड़ गया, और शादीशुदा आयुष्मान खुराना यह किसके प्यार के चक्कर में पड़ गए।
इन खबरों को जानने का मन तो आपका भी कर रहा होगा। ऐसी ही कई खबरें हम आपके लिए लाए हैं जो आजकल बॉलीवुड के गलियारों में जमकर सुर्खियां बटोर रही हैं। तो पढिए इन खबरों के बारे में ये पूरी स्टोरी।
'दम लगा के हइशा' का पोस्टर हुआ जारी
यशराज बैनर तले बन रही फिल्म 'दम लगा के हइशा' का पोस्टर जारी हो गया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और भूमि पाडनेकर की जोड़ी है। पोस्टर में आयुष्मान खुराना अपनी लेडी लव को कंधे पर उठाए हुए हैं।
इस प्रेम कहानी में बेमेल जोड़ी का शादी के बाद प्यार दिखाया गया है। फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होगी। पोस्टर की टैग लाइन है लव कम्स इन ऑल साइज। पोस्टर को देखकर समझा जा सकता है कि यह एक बेहद अलग प्रकार की प्रेम कहानी होगी।
फिल्म में हीरोइन बेहद साधारण और वजनी साइज की लग रही हैं तो आयुष्मान गंभीर से पतले-दुबले युवक दिखाई दे रहे हैं।
बिपाशा को चाहिए नए फैशन डिजाइनर
यूं तो बिपाशा बसु इन दिनों पहाड़ों पर एक आश्रम में मन की शांति के पाठ पढ़ रही हैं, लेकिन खबर है कि वहां से लौटने के बाद कुछ नया करना चाहती हैं।
वह भी नए लोगों के साथ। बिपाशा के करीबियों के अनुसार, इस सेक्सी सुंदरी को नए फैशन डिजाइनरों की तलाश है। अपने लिए नहीं, बल्कि अपने बिजनेस के लिए।
बिपाशा अपनी ऑनलाइन रीटेल साइट पर नए युवाओं द्वारा तैयार किए गए फैशनेबल कपड़ों को प्रमोट करने की इच्छुक हैं। उनकी योजना आने वाले दिनों में फैशन इंस्टीट्यूट्स से पास होने वाले उन युवाओं को बढ़ावा देने की है जो कपड़ों के साथ जूलरी भी डिजाइन करते हैं।
अगर वास्तव में ऐसा होता है तो बिपाशा इस अंदाज में काम करने वाली बॉलीवुड की पहली स्टार होंगी।
फिर एक खिलाड़ी पर बनेगी फिल्म
खिलाड़ियों की जिंदगी का संघर्ष धीरे-धीरे पर्दे पर जगह बनाने लगा है। पानी सिंह तोमर, मिल्खा सिंह और मैरी कॉम पर बनी फिल्मों की सफलता के बाद साइना नेहवाल, मोहम्मद अजहरुद्दीन और महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर फिल्म बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
इस बीच बॉलीवुड में बैडमिंटन चैंपियन पुलेला गोपीचंद की जिंदगी पर फिल्म बनने जा रही है। कभी भारतीय बैडमिंटन टीम के कप्तान रहे संजय शर्मा और उनकी बेटी शचि ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है, जिसमें गोपीचंद के बैडमिंटन चैंपियन बनने के संघर्षों को दिखाया जाएगा।
प्रकाश पादुकोण के बाद पी.गोपीचंद ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इस फिल्म से पहले संजय और शचि गोपीचंद के जीवन पर 2011 में किताब लिख चुके हैं और उसके आधार पर ही स्क्रिप्ट तैयार की गई है।
फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होगी। जिसका निर्देशन रिखिल बहादुर करेंगे, जिनकी फिल्म टाइम आउट 2012 में कान फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित हुई थी। गोपीचंद ने इस फिल्म के लिए मंजूरी दे दी है।
शचि के अनुसार, ‘हम कई स्टार खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, मगर बैडमिंटन चैंपियन बनने की गोपी की राह बड़े पर्दे की रोमांचक कहानी है।’ अब इस फिल्म का सिने-प्रेमियों और खेल प्रेमियों दोनों को इंतजार रहेगा।