बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। हाल ही में, अभिनेत्री ने राफा पर इजराइल के मिसाइल हमले की निंदा करते हुए एक पोस्ट शेयर की, लेकिन बाद में बिना किसी स्पष्टीकरण के इसे हटा दिया। अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'ऑल आइज ऑन राफा' लिखा एक पोस्ट शेयर किया था, लेकिन बाद में चुपचाप इसे हटा दिया। हालांकि, इसके लिए अभिनेत्री को अब आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
माधुरी ने हटाया पोस्ट
माधुरी ने राफा की एक तस्वीर साझा की, जो गाजा पट्टी पर स्थित शहर है, जहां इजरायली मिसाइलों ने हमला किया था, जिसमें 40 से अधिक लोग मारे गए थे। हालांकि, अभिनेत्री ने बाद में पोस्ट को हटा दिया, जबकि बाकी सेलेब्स ने अभी भी स्टोरी को बरकरार रखा है। माधुरी को पोस्ट डिलीट करने के बाद लोगों ने अभिनेत्री की आलोचना करनी शुरू कर दी।
यूजर्स ने की आलोचना
एक यूजर ने टिप्पणी की, "कुछ लोगों की सोच के कारण पोस्ट करना और हटाना और भी दयनीय है। बहुत निराश हूं," जबकि दूसरे यूजर ने पूछा, "आपकी मानवता कहां है?" माधुरी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने पोस्ट क्यों हटाई है।
इन सेलेब्स ने जताया दुख
इस बीच, आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा जोनस, करीना कपूर खान, वरुण धवन, ऋचा चड्ढा, सोनम कपूर, सामंथा रुथ प्रभु, तृप्ति डिमरी, वीर दास, दीया मिर्जा सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने राफा पर मिसाइल हमले की निंदा की और अपने सोशल मीडिया हैंडल पर 'ऑल आइज ऑन राफा' पोस्ट साझा किया है। आलिया ने कहा, "सभी बच्चों को प्यार मिलना चाहिए। सभी बच्चों को सुरक्षा मिलनी चाहिए। सभी बच्चों को शांति मिलनी चाहिए। सभी बच्चों को जीवन मिलना चाहिए। और सभी मांओं को अपने बच्चों को ये चीजें देने का अधिकार होना चाहिए।" वहीं, करीना ने अपने पोस्ट के जरिए "तत्काल युद्ध विराम" और "बच्चों की हत्या" को रोकने का आह्वान किया।
Aranmanai 4: हॉरर और कॉमेडी का संतुलन है ‘अरमनई 4’, तमन्ना भाटिया का देखने को मिलेगा नया रूप