माधुरी दीक्षित अपनी वापसी के लिए हर तरह से प्रयास कर रही हैं। फिल्में करने के अलावा वह विज्ञापनों और रियलिटी शो का हिस्सा भी बन रही हैं। एक नयी बात सुनने में आ रही है कि माधुरी दीक्षित एक फिल्म में एक्शन करती हुई भी दिखेंगी।
हाल ही में खबर आयी थी कि माधुरी दीक्षित फिल्म 'गुलाब गैंग' में एक गीत गाने जा रही हैं और अब खबर आयी है कि माधुरी इस फिल्म में एक्शन करती भी नजर आयेंगी। लगता है माधुरी ने ठान लिया है कि इस फिल्म में वे अपने हर हुनर को आजमाने की कोशिश करेंगी।
'तेजाब', 'दिल', 'बेटा', 'राजा' व 'हम आपके हैं कौन' में रोमांटिक किरदारों में तो हम माधुरी को देख चुके हैं। लेकिन अब माधुरी एक्शन करने के लिए भी तैयार हैं। संभवत: माधुरी के करियर में यह पहली फिल्म होगी जिसमें वह एक्शन करती नजर आयेंगी।
एक्शन सीन करने के लिए माधुरी दीक्षित इसकी ट्रेनिंग भी ले रही हैं। इससे पहले माधुरी ने कभी स्टंट नहीं किये हैं। हालांकि फिल्म 'मृत्युदंड' में कुछ सीन उन्होंने ऐसे फिल्माये थे, जिनमें उनका थोड़ा एक्शन था।
माधुरी इस बात से उत्साहित हैं कि उन्हें 'गुलाब गैंग' में कई तरह की प्रतिभाएं दिखाने का मौका मिल रहा है। जूही भी इस फिल्म में नये अवतार में नजर आनेवाली हैं। वह फिल्म में नकारात्मक भूमिका में हैं। यह पहली बार होगा जब जूही किसी फिल्म में नेगेटिव किरदार निभा रही हैं।