महाकाल से है पुराना रिश्ता
IANS से बातचीत के दौरान मधुर भंडारकर ने कहा, 'भस्म आरती में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी हुई। यहां का माहौल और लोगों की भक्ति दिल को छू लेती है। महाकाल से मेरा बहुत पुराना और गहरा जुड़ाव है।'
उन्होंने आगे बताया, 'मैं पिछले 20-22 साल से हर साल यहां आ रहा हूं। लेकिन इस बार कई साल के बाद मुझे भस्म आरती देखने का मौका मिला। यहां आकर मुझे जो सुकून और संतुष्टि मिली, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।' भंडारकर ने मंदिर में अपने परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
उज्जैन के विकास और मुख्यमंत्री की तारीफ की
मधुर भंडारकर ने उज्जैन में हुए बदलावों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मैं जब भी उज्जैन आता हूं, मुझे यहां विकास दिखाई देता है। अब मंदिर का कॉरिडोर बेहद खूबसूरत हो गया है, सड़कें चौड़ी हो गई हैं और अच्छे होटल्स भी बन गए हैं। इसके लिए मैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाई देता हूं, जिन्होंने यहां इतना अच्छा काम किया है।'
'द वाइव्स' लेकर आ रहे हैं मधुर
मधुर भंडारकर ने अपनी अगली फिल्म के बारे में भी जानकारी दी, जिसका नाम 'द वाइव्स ऑफ बॉलीवुड' है। इस फिल्म में मौनी रॉय, सोनाली कुलकर्णी और राहुल भट जैसे कई कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म बॉलीवुड स्टार्स की पत्नियों की असल जिंदगी और उनके संघर्षों की कहानी दिखाएगी।