हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'पार्च्ड' बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। फिल्म में भारत के गांवों में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को बखूबी बयां किया गया है। इस फिल्म के चलते डायरेक्टर लीना यादव मुश्किल में पड़ गई हैं। उनको जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
लीना ने बताया कि गुजरात के रबारी समाज के लोग उन्हें और उनके पति को लगातार धमकियां दे रहे हैं।धमकी देने वाले लोगों का कहना है कि फिल्म में तनिष्ठा चटर्जी ने जिस तरह के कपड़े पहने हैं, उस तरह के कपड़े उनके समाज की औरतें पहनती हैं।
लीना ने धमकी मिलने की शिकायत ओशिवाड़ा पुलिस स्टेशन में की है। लीना के मुताबिक, इन धमकियों से उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। लीना का कहना है कि वो गुजरात में फिल्म यूनिट के उन सदस्यों के लिए भी फिक्रमंद हैं जिन्होंने इस फिल्म में उनके साथ काम किया है।
लीना बताती हैं कि फिल्म पार्च्ड में किसी भी समाज या संप्रदाय का जिक्र नहीं किया गया है। साथ ही फिल्म की शुरुआत और अंत में इस बारे में डिसक्लेमर भी चलाया गया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को खुले नजरिए से देखने और समझने की जरूरत है।