साल 2020 में हमने कई सितारों को खोया और उसी में से एक थे बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार सौमित्र चटर्जी। दुनिया भर में एक उम्दा अभिनेता के तौर पर अपनी पहचान रखने वाले सौमित्र चटर्जी के निधन के बाद अब उनकी पत्नी और एक्ट्रेस दीपा चटर्जी का भी निधन हो गया है। 83 वर्षीय दीपा चटर्जी का किडनी फेल होने से बीती रात कोलकाता के कोलंबिया एशिया अस्पताल में निधन हो गया।
सौमित्र और दीपा की बेट पाओलोमी बोस ने बताया कि उनकी मां लंबे वक्त से किडनी की समस्या से जूझ रही थीं और उनकी दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया था। जिसके चलते उनकी तबियत खराब रहने लगी थी और रविवार तड़के 2:55 पर उनका निधन हो गया।
पाओलोमी बोस ने कहा कि मां पिछले 45 सालों से डायबिटीज से भी ग्रस्त थीं और तमाम तरह की समस्याओं के चलते एक अर्से से उन्हें ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी कराना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि पिता जी के जाने के बाद मां में भी जीने की इच्छा नहीं बची थी और वो कहती रहती थीं कि 'अब मुझे जाने दो।'
दीपा चटर्जी ने बांग्ला फिल्मों जैसे 'दुर्गा' और 'बिलंबितो लोय' में भी काम किया था। सौमित्र चटर्जी से उनकी शादी साल 1960 में पारंपरिक बांग्ला रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। दीपा से पहले पिछलेस साल 15 नवंबर को 85 साल की उम्र में सौमित्र चटर्जी का भी निधन हो गया था।