छोटे परदे का चर्चित शो ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ ने अपने ट्विस्ट और टर्न के साथ अपनी बेहतरीन कहानी से दर्शकों का मनोरंजन करते हुए 400 एपीसोड का सफर पूरा कर लिया है। शो को पारिवारिक मनोरंजन करने वाले सीरियलों में एक अहम जगह मिली। शो के 400 एपीसोड पूरे होने पर इसके कलाकारों ने खूब जश्न मनाया।
शो की इस उपलब्धि पर अभिनेता मोहित मलिक कहते हैं, ‘’यह अविश्वसनीय है कि हमने 400 एपिसोड पूरे कर लिए। डेढ़ साल पहले की ही बात है जब हमने पूरी ईमानदारी के साथ इस शो की शूटिंग शुरू की थी और मुझे बहुत खुशी है कि आज भी इस शो को लेकर लोगों में ललक उसी तरह बरकरार है। मैं शो से जुड़े सभी कलाकारों और तकनीशियनों को धन्यवाद कहना चाहता हूं जिन्होंने इस शो के दौरान हर दिन मुझे कुछ नया सिखाया। दर्शकों और इंडस्ट्री के मेरे दोस्तों से इस शो को जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली है उससे मैं बेहद खुश हूं। यह एक ऐसा शो है जिसे मैं अपने बच्चों को गर्व से दिखाना चाहूंगा।‘’
इस शो के दौरान पिछले एक साल में दर्शकों ने सिकंदर बने मोहित मलिक के अलग-अलग रूपों को काफी पसंद किया। उन्होंने अपने कमाल के अभिनय और समर्पण के साथ अपने काफी सारे फैन्स भी बनाए हैं। हाल के एपिसोड्स में दर्शकों को देखने को मिला कि आखिरकार कुल्फी सिंगर बनने के अपने सपनों को पूरा कर रही है। वहीं दूसरी तरफ सिकंदर को गुंडों ने किडनैप कर लिया है।