नेशनल अवार्ड विजेता अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा को ऐसी भूमिकाएं हमेशा लुभाती रही हैं, जिनमें चुनौती पूर्ण अभिनय की गुंजाइश होती है।
ज्यादा वक्त नहीं बीता है, जब उन्होंने अंकुश भट्ट की एक फिल्म में सेक्स वर्कर की भूमिका स्वीकार की थी। कमाठीपुरा नाम की इस फिल्म के लिए उन्होंने अपनी ओर से भी तैयारी करनी शुरू कर दी थी।
लेकिन इधर सुनने में आया है कि उन्होंने इस फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया है। उनके इनकार करने पर इस फिल्म की दूसरी हीरोइन साक्षी तंवर ने भी फिल्म छोड़ दी है।
निर्देशक ने अपनी हीरोइनों के फिल्म छोडऩे के बारे में सफाई दी है कि कुछ इंटरनल इश्यू थे। वे अभी भी इस कोशिश में हैं कि ये दोनों हीरोइनें ही फिल्म में अभिनय करें।
इस फिल्म के निर्माता इरशाद खान का कहना है कि इस समय वे कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। अगर कमाठीपुरा का काम आगे नहीं बढ़ता है, तो वे अपनी दूसरी फिल्म फ्लोर पर ले आएंगे।
इधर कोंकणा का कहना है कि सिर्फ अच्छी कहानी से ही फिल्म नहीं बन जाती। निर्माता और निर्देशक कितने गंभीर हैं, इस बात पर भी विचार करना पड़ता है।