अगर आप भी 'घनचक्कर' के एक लाख के चक्कर में फंसना चाहते हैं तो यूटीवी आपको यह मौका दे रही है। जी हां, यूटीवी ने फिल्म 'घनचक्कर' के प्रोमोशन के लिए एक अलग ही फंडा खोज निकाला है।
उन्होंने अली बाबा चालीस चोर की तर्ज पर 'खजाने की खोज' नामक एक कैंपेन की शुरुआत की है, जिसमें आम लोगों को खजाने की खोज करनी होगी। इस खजाने की राशि 1 लाख तय की गयी है।
इमरान हाशमी और विद्या बालन स्टारर इस फिल्म की प्रमोशनल एक्टिविटी के दौरान इन सितारों के प्रशंसकों को खजाने की तलाश का मौका दिया जायेगा।
खजाने की खोज का यह अभियान देशभर में 16 शहरों में आयोजित किया जायेगा। इन शहरों में से किसी एक स्थान पर खजाना छुपाया जायेगा और प्रतिभागियों को खजाने की तलाश के लिए कुछ सुराग दिये जायेंगे। खजाने तक पहुंचने वाले किसी एक विजेता को पूरे 1 लाख रुपए का नकद इनाम दिया जायेगा।
ट्रेड विश्लेषकों का कहना है कि 'घनचक्कर' की निमार्ता कंपनी ने यह जो प्रमोशनल रास्ता अपनाया है, यह काफी रोचक है और ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें भाग लेना ही चाहेंगे।
'खजाने की खोज' का यह अभियान लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, मुंबई, इंदौर, भोपाल, अहमदाबाद, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़ और पुणे में चलाया जा रहा है। फिल्म के निर्देशक राजकुमार गुप्ता भी प्रमोशन के इस अनूठे तरीके को लेकर उत्साहित हैं।
बकौल राजकुमार गुप्ता किसी फिल्म को इस तरह प्रमोट करने का यह तरीका बहुत मजेदार है। चूंकि फिल्म की कहानी भी कुछ ऐसे ही खजाने की खोज के इर्द गिर्द घूमती है, सो यह प्रोमोशनल आइडिया उसे मद्देनजर रखते हुए तय किया गया है।