अजय देवगन और तब्बू स्टारर फिल्म 'भोला' 30 मार्च 2023 को पर्दे पर रिलीज होने के बाद से अच्छा प्रदर्शन कर रही है। गौरतलब हो कि यह साल 2019 में आई लोकेश कनगराज की फिल्म 'कैथी' की ऑफिशियल हिंदी रीमेक है। वहीं, अब अजय देवगन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि रीमेक राइट्स की बिक्री के लिए 'भोला' और 'कैथी' के मेकर्स के बीच एक अहम डील हुई थी।
भोला-कैथी के बीच राइट्स को लेकर बड़ी डील
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आमतौर पर हिंदी फिल्म मेकर एक फिक्स राशि का भुगतान करते हैं और दक्षिण फिल्म के मेकर्स से अधिकार खरीदते हैं। इतना ही नहीं साउथ फिल्म मेकर भी रीमेक के सह-निर्माता होते हैं, जैसा कि शहजादा (2023), जर्सी (2022), गजनी (2008) के साथ हुआ था। हालांकि, भोला के साथ ऐसा नहीं हुआ। दरअसल, कैथी के प्रोड्यूसर एस आर प्रकाशबाबू और एस आर प्रभु ने राइट्स बेचने के लिए एक निश्चित राशि नहीं ली और अधिकारों में हिस्सा मांगा।
'कैथी' के मेकर्स लेंगे 'भोला' के प्रॉफिट में हिस्सा
रिपोर्ट के मुताबिक, एस आर प्रकाशबाबू और एस आर प्रभु को रीमेक के लाभ का पांच प्रतिशत प्राप्त होगा। इसमें न केवल थियेटर बल्कि गैर-थियेट्रिकल रेवेन्यू जैसे म्यूजिक, सैटेलाइट और डिजिटल अधिकारों की बिक्री भी शामिल है। इसलिए, यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि पोस्टरों पर एसआर प्रकाशबाबू और एसआर प्रभु के प्रोडक्शन हाउस ड्रीम वारियर पिक्चर्स का उल्लेख किया गया है और इसका लोगो भी फिल्म की शुरुआत में दिखाया गया है।
'भोला' की बॉक्स ऑफिस पर कमाई
मीडिया हाउस ने यह भी साफ किया है कि यह कहना मुश्किल है कि यह इस तरह का पहला मामला है, लेकिन निश्चित रूप से रीमेक फिल्म के लिए यह एक दुर्लभ डील है। गौरतलब हो कि फिल्म 'भोला' में अजय देवगन के अलावा तब्बू, दीपक डोबरियाल और गजराज राव जैसे सितारे हैं। फिल्म ने चार दिनों में 44 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।