हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में काम करने और क़िस्मत आज़माने देश के कोने-कोने से लोग मुंबई आते हैं और फिर यहां कामयाबी मिलते ही मायानगरी में ही अपना आशियाना बना लेते हैं।
विज्ञापन
जहां कई पुराने सितारों के पास बड़े बड़े बंगले हैं वहीं नए सितारे प्रॉपर्टी की क़ीमतों में बेतहाशा इज़ाफ़ा होने और ज़मीन की कमी की वजह से बंगले की चाह रखने के बावजूद फ़्लैट्स में रहने को मजबूर हैं।
दिलीप कुमार, धर्मेन्द्र, अमिताभ बच्चन, शाहरुख़ ख़ान और संजय दत्त जैसे अभिनेताओं के पास मुंबई में अच्छी ख़ासी प्रॉपर्टी है। हर बंगले में आपको कुछ खास मिलेगा।
विज्ञापन
दिलीप का बंगला करोडों का
ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार के बंगले का नाम है, 'दिलीप कुमार एंड सायरा हाउस'। ये आलीशान बंगला, बांद्रा के पाली हिल स्थित नर्गिस रोड पर है।
इस बंगले में दिलीप कुमार 1953 में शिफ़्ट हुए थे। इस विशाल घर में उनका ऑफ़िस भी है और दूर दराज से मिलने आए उनके मेहमानों के लिए विशाल अतिथि गृह भी है।
दिलीप और सायरा बड़े त्यौहार और बाकी जश्न इसी बंगले में मनाते हैं। रियल एस्टेट विशेषज्ञ पंकज कपूर के मुताबिक़ जिस जगह पर दिलीप कुमार का घर है वहां पर प्रॉपर्टी के रेट 40 हज़ार रुपए से लेकर 65 हज़ार रुपए प्रति वर्ग फ़ुट चल रहे हैं।
ओह यह घर है आमिर खान का
'मिस्टर परफ़ेक्शनिस्ट' कहे जाने वाले आमिर ख़ान बंगले में ना रहकर पाली हिल स्थित बेला विस्टा अपार्टमेंट में रहते हैं। ये बिल्डिंग भी बांद्रा इलाके में स्थित है। इस घर में आमिर अपनी मां, पत्नी किरण राव और बच्चे आज़ाद के साथ रहते हैं।
इसके अलावा आमिर ने हाल ही में बांद्रा के कार्टर रोड इलाके में एक नई बिल्डिंग तैयार करवाई है जिसमें उनका दफ़्तर भी होगा। फ़िलहाल इसमें काम चल रहा है। बांद्रा इलाके में ही आमिर के पास एक और फ़्लैट है जहां उनका ऑफ़िस है।
संजय दत्त का आलीशान बंगला
बॉलीवुड के 'मुन्नाभाई' यानी संजय दत्त का घर भी बांद्रा के पाली हिल इलाके में है। संजय दत्त के पिता सुनील दत्त का पहले इसी जगह पर एक आलीशान बंगला था जिसे अब एक बिल्डिंग में तब्दील कर दिया गया है।
इसके ऊपरी माले में संजय दत्त ख़ुद रहते हैं और बाकी फ़्लोर को उन्होंने किराए पर दे रखा है। विशेषज्ञों के मुताबिक़ बॉलीवुड में बीते कुछ सालों में अपने बंगले को एक बहुमंजिला इमारत में बदलने का चलन तेज़ी से बढ़ा है।
इसे निवेश के हिसाब से अच्छा क़दम माना जाता है। संजय दत्त और आमिर ख़ान जिस इलाके में रहते हैं वहां प्रॉपर्टी के दाम 25 से 30 हज़ार रुपए प्रति वर्ग फ़ुट तक हैं।
शाहरुख के घर में सभी सुविधाएं
बॉलीवुड के 'बादशाह' यानी शाहरुख़ ख़ान का बांद्रा के बैंडस्टैंड इलाक़े में आलीशान बंगला है जिसका नाम है 'मन्नत'। उन्होंने साल 2001 में ये बंगला ख़रीदा। बंगले के पीछे उन्होंने छह फ़्लोर की इमारत बनवाई, जहां उनका दफ़्तर है।
शाहरुख़ के आलीशान घर में एक थिएटर है, पार्टी हॉल है, जिम है और एक लाइब्रेरी के साथ एक अतिथि गृह भी है। समुद्र तट के ठीक किनारे स्थित होने की वजह से इस जगह की क़ीमत 50 से 60 हज़ार रुपए प्रति वर्ग फ़ुट तक है।
शाहरुख़ के बंगले के पास ही सलमान ख़ान गैलेक्टी अपार्टमेंट में रहते हैं। सलमान के माता-पिता इस इमारत के पहले फ़्लोर में रहते हैं। फ़िलहाल सलमान बेहद छोटे फ़्लैट में रहते हैं। उनका एक बेडरूम, किचन और एक हॉल वाला घर है। साथ ही एक छोटा सा जिम भी है।
इसके अलावा सलमान ख़ान के पास मुंबई के पनवेल इलाके में एक 50 एकड़ का विशाल फ़ॉर्म हाउस भी है, जहां जिम, पार्क और स्वीमिंग पूल की सुविधा है। यहां सलमान अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने आते हैं।