अभिनेत्री कियारा आडवाणी एक्टिंग के बाद अब सिंगिंग में भी हाथ आजमाती हुईं नजर आ रही हैं। कियारा ने फिल्म 'कबीर सिंह' के चार्टबस्टर गाने 'बेखयाली' के एक खास वर्जन के लिए अपनी आवाज दी है। बीते दिनों एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान भी इस गाने पर कियारा ने प्रस्तुति दी। कियारा ने इससे पहले कभी सिंगिंग में हाथ नहीं आजमाया है। इस वजह से वह इसे लेकर काफी उत्साहित भी हैं। इस गाने को लेकर बातचीत करते हुए कियारा ने कहा, 'मैं एक बाथरूम सिंगर हूं और लोगों के सामने या कभी किसी सार्वजनिक जगह पर गाना नहीं गाया है। यह पहली दफा है जब मैं गाना गाने की कोशिश कर रही हूं।'
कियारा ने आगे बताया, 'दरअसल एक अवॉर्ड शो में मुझे कबीर सिंह के कुछ गानों पर परफॉर्म करना था। इसे और भी पर्सनल बनाने के लिए मैंने सोचा क्यों ना गाना भी खुद ही गाया जाए। समारोह के प्रबंधकों ने मुझसे पूछा कि क्या सच में यह करना चाहती हूं और मैंने हां कह दिया।' यह सब बहुत ही जल्दी हुआ। आयोजन इस मौके को बिल्कुल भी नहीं छोड़ना चाहते थे इसलिए उन्होंने तुरंत ही गाने को रिकॉर्ड करने का प्रबंध कर दिया। इस बारे में कियारा ने कहा, 'इस बात का फैसला आयोजकों ने मात्र 15 मिनट में ही कर लिया। शुक्र है कि यह सब काम कर गया और हमें अंतिम एक्ट के लिए बढ़िया चीज मिल गई। मैं लोगों की प्रतिक्रिया देखने के लिए काफी उत्साहित हूं।'
कियारा जल्द ही फिल्म 'गुड न्यूज' में नजर आने वाली हैं। फिल्म में उनके अलावा अक्षय कुमार, करीना कपूर और दिलजीत दोसांझ भी अहम किरदार में हैं। इस फिल्म के बाद कियारा 2020 में 'लक्ष्मी बॉम्ब', 'इंदु की जवानी', 'भूल भुलैया 2' और 'शेरशाह' जैसी फिल्मों में नजर आएंगी।
पढ़ें: "अर्जुन रेड्डी" के हिंदी सिनेमा में डेब्यू का एलान, इस फिल्म के लिए करण जौहर से कहा, कुबूल है!