बॉलीवुड एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय और मशहूर निर्देशक-निर्माता अभिषेक पाठक की जिंदगी में जल्द ही एक नया और बेहद खास अध्याय जुड़ने वाला है। शादी के करीब तीन साल बाद यह कपल अपने पहले बच्चे का स्वागत करने की तैयारी कर रहा है। इस खुशखबरी को दोनों ने बेहद खूबसूरत अंदाज में सोशल मीडिया के जरिए साझा किया, जिसके बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री और फैंस की तरफ से लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।
तस्वीर के जरिए अनाउंस की प्रेग्नेंसी
शिवालिका और अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें कपल की खुशी साफ झलक रही है। तस्वीरों में शिवालिका लाल रंग की ड्रेस में नजर आ रही हैं और उनके हाथ में नन्हे बेबी सॉक्स हैं, जो आने वाली नई जिंदगी का प्रतीक हैं। वहीं अभिषेक पाठक काले रंग की शर्ट में शिवालिका को थामे हुए दिखाई दे रहे हैं। क्रिसमस ट्री के सामने खड़ी यह जोड़ी बेहद सुकून और प्यार से भरी नजर आती है।
एक दूसरी तस्वीर में दोनों ने क्रिसमस ऑर्नामेंट पकड़ा हुआ है, जिस पर लिखा है- 'बेबी पाठक आने वाला है। इस फोटो में कपल ने अपने चेहरे छुपा रखे हैं, लेकिन उनकी खुशी शब्दों से कहीं ज्यादा तस्वीरों में झलक रही है। इस खास पोस्ट के साथ कपल ने कैप्शन में लिखा कि उनकी लव स्टोरी अब अपने सबसे खूबसूरत पड़ाव पर पहुंच रही है और उनकी दुनिया में एक छोटी-सी ब्लेसिंग जुड़ने वाली है।
शिवालिका और अभिषेक की लवस्टोरी
शिवालिका और अभिषेक की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2020 में फिल्म ‘खुदा हाफिज’ के सेट पर हुई थी। इस फिल्म को अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया था और शिवालिका इसमें लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आई थीं। काम के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
यह खबर भी पढ़ें: Ikkis Final Trailer: अगस्त्य नंदा की ‘इक्कीस’ का फाइनल ट्रेलर रिलीज, वॉर ड्रामा में दिखी धर्मेंद्र की झलक
इसके बाद अभिषेक ने टर्की में हॉट एयर बैलून के नीचे बेहद रोमांटिक अंदाज में शिवालिका को प्रपोज किया था। फरवरी 2023 में दोनों ने गोवा में अपने करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में शादी कर ली। शादी के वक्त भी कपल ने सोशल मीडिया पर लंबा-सा नोट लिखकर अपनी खुशियां फैंस के साथ साझा की थीं।
अभिषेक-शिवालिका की फिल्में
अगर करियर की बात करें तो अभिषेक पाठक बॉलीवुड के जाने-माने नाम हैं। उन्होंने ‘दृश्यम 2’ और ‘उजड़ा चमन’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है, जबकि ‘प्यार का पंचनामा’, ‘खुदा हाफिज’ और ‘सेक्शन 375’ जैसी चर्चित फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया है। वहीं शिवालिका ने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर ‘किक’ और ‘हाउसफुल 3’ जैसी फिल्मों से की थी। बाद में उन्होंने ‘ये साली आशिकी’ से एक्टिंग डेब्यू किया और ‘खुदा हाफिज’ से उन्हें खास पहचान मिली।