तमिल, तेलुगु के बाद अब बारी है कन्नड़ सिनेमा की हिंदी भाषी दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश करने की। कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार यश की नई फिल्म केजीएफ हिंदी में भी रिलीज होने जा रही है और इस फिल्म के लिए एक आइटम सॉन्ग शूट किया गया है छोटे परदे की सुपरस्टार रहीं मौनी रॉय पर। मौनी रॉय ने वैसे तो अक्षय कुमार की फिल्म गोल्ड से ही बड़े परदे पर एंट्री कर ली है, लेकिन फिल्म केजीएफ से वह एक पायदान और ऊपर चढ़ रही हैं। मौनी की ये पहली फिल्म होगी, जिसे हिंदा के अलावा तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज किया जा रहा है।
इस गाने की शूटिंग पर पहुंचते ही इसके कोरियोग्राफर गणेश आचार्य से मुलाकात होती है और वह गाने का जिक्र छेडने पर बताते हैं, ‘मेरा पिछला गाना चिकनी चमेली बहुत बड़ा हिट हुआ था। उसके बाद से मुझे लग रहा है कि केजीएफ के इस गाने में जान है। आपको याद होगा फिल्म त्रिदेव (1989), ये उसी फिल्म का हिट गाना है-गली गली में फिरता है तू यूं बनकर बंजारा। मौनी रॉय बहुत कमाल की डांसर हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि ये गाना भी बहुत बड़ा हिट साबित होगा।’
डांस मास्टर गणेश आचार्य आमतौर पर ओरीजनल गानों पर ही डांस कंपोजीशन करते रहे हैं पर अब जमाना रीमिक्स का है। तनिष्क बागची जैसे तमाम संगीतकारों का करियर इन्हीं रीमिक्स के सहारे चल रहा है। अंदर सेट पर बहुत सारी लाइट्स दिखीं। एक बड़ा सा डांस स्टेज दिखा, जिस पर यश और मौनी रॉय रिहर्सल कर रहे हैं। कोरियाग्राफर के असिस्टेंट्स डांसर्स को स्टेप समझा रहे हैं। कुछ एक्स्ट्रा कलाकार हाथों में बल्ब का गुलदस्ता लेकर भीड़ होने का एहसास दिला रहे हैं।
गाने की शूटिंग के बीच मिले यश। गाने के बारे में वह बोले, ‘हमारे यहां किसी फिल्म का इतना प्रमोशन नहीं होता। वहां फिल्म स्टार की फेस वैल्यू पर क्लिक करती है। लेकिन अच्छा लग रहा है इस सबका भी अनुभव करके।’ मौनी रॉय को जरूर अब भी अटपटा लगता है जब हर कोई उनसे पहला सवाल उनके टीवी करियर से जोड़कर ही पूछता है। वह कहती हैं, ‘मेरे लिए कोई काम छोटा नहीं। न फिल्म, न टीवी और न ही कुछ और। मुझे टीवी आर्टिस्ट होने पर गर्व है। ये टेलीवजिन ही तो है जिसने मुझे ये सब दिया।’