सुधा कोंगारा के साथ काम करेंगे केजीएफ 2 के निर्माता
- फोटो : social media
साउथ इंडस्ट्री की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सोरारई पोटरु' की जाने-माने निर्देशक 'सुधा कोंगारा' और सुपरस्टार यश की 'केजीएफ' फ्रैंचाइजी का निर्माण करने वाले 'हम्बेल फिल्म्स' ने एक आगामी फिल्म के लिए साथ काम करने का एलान कर दिया है। फिल्म का टाइटल अभी तक तय हुआ है न ही फिल्म की स्टार कास्ट के बारे में कोई जानकारी सामने आई है। हालांकि, सामने आ रही रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में साउथ सुपरस्टार सूर्या मुख्य भूमिका में हो सकते हैं।
इस बड़ी खबर की घोषणा करने के लिए फिल्म निर्माताओं ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल का सहारा लिया। उन्होंने ट्वीट कर एक पोस्ट साझा की, जिसमें लिखा था, "कुछ सच्ची कहानियां कहने लायक होती हैं और यह बात बिल्कुल सही है। हम, हम्बेल फिल्म्स निर्देशक सुधा कोंगारा के साथ अपनी अगली फिल्म की घोषणा करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं। यह भी हमारी और फिल्मों की ही तरह एक ऐसी कहानी होगी, जो सभी की कल्पना पर राज करेगी।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सोरारई पोटरु' के बाद, सूर्या और सुधा इस अनटाइटल्ड फिल्म के लिए फिर से हाथ काम कर सकते हैं। हम्बेल फिल्म्स के निर्माता सुधा की कहानी से काफी प्रभावित हैं। यह फिल्म या तो एक तमिल फिल्म होगी, जिसे अन्य भाषाओं में डब किया जाएगा या फिर यह भी एक पैन इंडियन फिल्म बनकर उभर सकती है। हालांकि, अभी तक इन बातों पर हम्बेल फिल्म्स या सुधा ने कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन, इन अफवाहों से इस समय बॉलीवुड में काफी हलचल मची हुई है और सभी इसकी आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि सुधा कोंगारा ने साल 2008 में तेलुगू फिल्म 'आंध्र अंडागाडु' के साथ निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने तमिल फिल्म 'द्रोही' का निर्देशन भी किया था। साल 2016 में, उन्होंने 'इरुद्धि सुत्तरु' (हिंदी में साला खडूस) का निर्देशन किया था, जिसके लिए उन्होंने तमिल में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता था। इन फिल्मों का निर्देशन करने के बाद सुधा ने 'सोरारई पोटरु' के साथ अपार लोकप्रियता हासिल की, जो एयर डेक्कन के संस्थापक कैप्टन सीआर गोपीनाथ के जीवन पर आधारित है। हम्बेल फिल्म्स की बात करें तो वह बड़े बजट की फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं, 'केजीएफ चैप्टर 1' और 'केजीएफ चैप्टर 2' इनका ही निर्माण हैं। यह दोनों ही फिल्म ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई और पैन इंडिया फिल्म बन गई हैं।