साउथ इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर दिलीप के खिलाफ एक यौन उत्पीड़न के मामले में जांच चल रही है और इस मामले में आए दिन नया अपडेट सामने आ रहा है, जिस वजह से अभिनेता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी वजह से अभिनेता दिलीप ने सोमवार को केरल उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और उनके खिलाफ मुकदमे से संबंधित खबरों के प्रकाशन और प्रसारण पर रोक लगाने का आग्रह किया था। वहीं, अब इस मामले में केरल हाईकोर्ट का निर्देश सामने आ गया है। केरल हाईकोर्ट ने राज्य की पुलिस को निर्देश दिया है कि वह अभिनेता दिलीप की याचिका पर जांच और रिपोर्ट दर्ज करें।
एएनआई के मुताबिक, केरल उच्च न्यायालय ने राज्य के पुलिस प्रमुख को मलयालम अभिनेता दिलीप की याचिका पर जांच और रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया है, जिसमें अभिनेता ने इस मामले से संबंधित खबरों के प्रकाशन और प्रसारण पर रोक लगाने का आग्रह किया था। बता दें कि केरल हाई कोर्ट ने सोमवार को इस मामले में तीन गवाहों से फिर से पूछताछ करने और पांच नए गवाहों को तलब करने की अनुमति दे दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अभिनेता दिलीप की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं।
ये था पूरा मामला
साल 2017 में एक मलयालम अभिनेत्री ने साउथ अभिनेता दिलीप पर मारपीट करने और यौन शोषण का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था। जिसके बाद एक्टर दिलीप के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में जांच शुरू की गई थी और इसी के चलते एक्टर कई हफ्तों से न्यायिक हिरासत में थे। इस मामले में दिलीप पर जांच अधिकारियों को धमकी देने और वारदात को अंजाम देने के लिए लोगों को पैसे देने का आरोप भी लगा था।
अभिनेत्री ने लगाई थी केरल के मुख्यमंत्री से मदद की गुहार
आपको बता दें कि इस मामले में पीड़ित अभिनेत्री ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर न्याय की मांग की थी। इस पत्र में अभिनेत्री ने सीएम से मदद की गुहार लगाते हुए लिखा था कि इन आरोपों की जांच की जरुरत हैं। मैं न्याय चाहती हूं।