हाल में खबर थी कि करिश्मा कपूर अपने बिजनेसमैन पति संजय कपूर के साथ बच्चों के अधिकार की लड़ाई लड़ रही हैं। दोनों ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दे रखी है और वहां वे एक-दूसरे पर शादी टूटने को जिम्मेदार होने के आरोप लगा रहे हैं।
इधर यह लड़ाई चल ही रही है और उधर इस चर्चा ने सबको चौंका दिया है कि तलाक के बाद करिश्मा का इरादा दूसरी शादी करने का है। इसलिए वह जल्द से जल्द संजय से तलाक चाहती हैं।
2003 में हुई थी शादी
असल में करिश्मा की शादी की योजना पता लगने के बाद संजय बच्चों को अपने पास रखने का दावा कर रहे हैं। 2003 में संजय और करिश्मा की शादी बड़ी धूमधाम से हुई थी, लेकिन कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच उठापटक की खबरें आने लगी थीं।
संजय की यह दूसरी और करिश्मा की पहली शादी थी। हालांकि तब मामला सुलझ गया था और करिश्मा दो बच्चों समाइरा और कियान की मां बनीं, लेकिन उसके बाद स्थिति ज्यादा बिगड़ गईं और बीते जमाने की यह हीरोइन बच्चों को लेकर मां के पास मुंबई लौट आई। करीब दो साल से करिश्मा मुंबई में हैं और पति के अलग रह रही हैं।
एक और बिजनेसमैन से अफेयर
मीडिया में आ रही ताजा खबरें कह रही हैं कि करिश्मा ने संजय को अपनी जिंदगी से पूरी तरह निकाल दिया है और वह जिंदगी को नए सिरे से व्यवस्थित करना चाहती हैं। बताया जा रहा है कि करिश्मा को एक नया हमसफर मिल गया है। करिश्मा के साथ इन दिनों मुंबई के एक बिजनेसमैन संदीप तोशनीवाल का नाम जुड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार जब से करिश्मा मुंबई आई हैं तो कठिन दिनों में तोशनीवाल ने उनका खूब साथ दिया है। वह हर अच्छी-बुरी परिस्थिति में करिश्मा के साथ खड़े रहे हैं। ऐसे में करिश्मा को लगने लगा है कि संजय के साथ दूर का रिश्ता बहुत आगे नहीं चल सकता। उधर, ऐसा ही संजय को भी मसूस हो रहा है। अतः दोनों तलाक पर राजी हैं, लेकिन मामला बच्चों की कस्टडी का है।
नए सिरे से संवारेंगी जिंदगी
सूत्र बता रहे हैं कि करिश्मा संजय से तलाक के बाद नए सिरे से जिंदगी को संवारना चाहती हैं और उन्हें विश्वास है कि संदीप तोशनीवाल के साथ जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। वैसे करिश्मा अपनी निजी जिंदगी को लेकर कम ही बात करती हैं। लेकिन माना जा रहा है कि तलाक मिलने के बाद करिश्मा खुद इस बारे में आधिकारिक घोषणा करके सारी चर्चाओं को विराम दे देंगी।
तलाक नहीं होने से पहले वह कुछ नहीं कहना चाहतीं। सूत्रों के अनुसार करिश्मा के फैसले से उनका परिवार खुश है क्योंकि पिछले कुछ सालों में उन्हें कोई सुख नहीं मिला है। अतः परिवार के सदस्य भी चाहते हैं कि करिश्मा अपने जीवन में आगे बढ़ें और पुरानी बातों को भूल जाएं।