साल 2007 में आई डायरेक्टर अनुराग बसु की फिल्म 'लाइफ इन ए मेट्रो' को उस समय न केवल पसंद किया गया बल्कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई की। छह अलग-अलग जिंदगियों पर आधारित इस फिल्म के म्यूजिक को भी दर्शकों ने काफी सराहा था। 'लाइफ इन ए मेट्रो' की सफलता को देखते हुए अनुराग बसु ने सीक्वल बनाने का फैसला किया है। फिल्म का सीक्वल लंबे समय से चर्चा में है। अब फिल्म को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल में पहली फिल्म की तरह अगल-अलग जिंदगियों को दिखाया जाएगा। इसकी एक कहानी को लेकर अनुराग बसु ने दो कलाकारों को चुन लिया है। खबरों की मानें तो 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल में करीना कपूर खान और अर्जुन कपूर नजर आएंगे। फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि करीना कपूर और अर्जुन कपूर इस फिल्म में एक कहानी के पात्र होंगे या फिर अलग-अलग कहानी के।
आपको बता दें कि 'लाइफ इन ए मेट्रो' में शरमन जोशी, कंगना रानाउत, इरफान खान, कोंकणा सेन, शिल्पा शेट्टी, साइनी अहूजा व केके मेनन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। वहीं बात करें करीना कपूर खान और अर्जुन कपूर की जोड़ी इससे पहले फिल्म की एंड का में नजर आ चुकी है। यह फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी।