अभिषेक बच्चन और करीना कपूर दस साल के बाद किसी फिल्म में साथ काम करने जा रहे हैं। अभिषेक और करिश्मा की शादी को लेकर हुई अनबन की वजह से यह दोनों ही साथ फिल्म करने से बचते रहे हैं।
आखिरकार एक दशक के बाद अभिषेक बच्चन और करीना कपूर की जोड़ी बड़े परदे पर रिपीट हो ही जाएगी। निर्माता भूषण कुमार 'मेरे अपने' नाम से फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसमें अभिषेक और करीना की जोड़ी बनना तय है।
इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी 'ओह माइ गॉड' फेम डायरेक्टर उमेश शुक्ला को सौंपी गई है। हाल ही में उमेश शुक्ला ने करीना कपूर से एक लंबी मीटिंग की और उन्हें स्क्रिप्ट सुनाई। करीना अपने किरदार से बहुत ज्यादा प्रभावित हो गईं और उन्होंने 'मेरे अपने' में काम करने के लिए हरी झंडी दिखा दी।
बता दें कि अभिषेक और करीना की जोड़ी दोनों के ही कैरियर की पहली फिल्म 'रिफ्यूजी' में बनी थी। इसके बाद सूरज बडज़ात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' में दोनों दिखाई दिए। इस फिल्म के बाद दोनों ने कभी साथ में काम नहीं किया।
दरअसल इस फिल्म की रिलीज के बाद ही अभिषेक और करिश्मा कपूर के बीच ब्रेकअप हो गया था। इसी वजह से जूनियर बी और करीना के बीच भी दूरियां बन गईं। चूंकि अब करिश्मा कपूर, करीना कपूर और अभिषेक तीनों के ही घर बस चुके हैं, इसलिए पुराने मतभेद काफी धूमिल पड़ चुके हैं।
अभिषेक और करीना दोनों को ही साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं है। 'मेरे अपने' में अभिषेक के पिता का किरदार ऋषि कपूर निभाने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और लंदन में होगी।