हिंदी फिल्मों में बार बार वंशवाद को बढ़ावा देने के आरोप झेलने वाले निर्माता निर्देशक करण जौहर ने अब एक और नए चेहरे को लॉन्च करने का फैसला किया है। यह चेहरा भी फिल्म इंडस्ट्री के परिवार से ही है और इसे करण जौहर की ही खोज आलिया भट्ट का करीबी बताया जाता है। धर्मा प्रोडक्शन की सहयोगी कंपनी धर्माटिक नेटफ्लिक्स के लिए एक फिल्म बना रही है और इस नए चेहरे की लॉन्चिंग इसी फिल्म से होगी।
अमर उजाला को धर्मा प्रोडक्शन्स के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करण जौहर की खोज ये नया चेहरा हैं आकांक्षा रंजन जो मशहूर टीवी शो निर्माताओं शशि रंजन और अनु रंजन की बेटी हैं। आकांक्षा हाल ही में अपारशक्ति खुराना के म्यूजिक सिंगल तेरे नैना के वीडियो में नजर आई थीं। इसके अलावा वह टीवी पर डिकोडेड नाम से एक फैशन शो भी कर चुकी हैं।
आकांक्षा के चयन में आलिया भट्ट की सबसे बड़ी भूमिका माना जा रही है। दोनों बचपन की दोस्त हैं और तमाम मौकों पर आकांक्षा ने आलिया के साथ अपनी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। 25 साल की आकांक्षा को करण जौहर अपनी अगली फिल्म गिल्टी से लॉन्च कर रहे हैं, यह वही फिल्म है जिसमें कियारा आडवाणी लीड रोल कर रही हैं।
फिल्म गिल्टी की शूटिंग इन दिनों दिल्ली में चल रही है। फिल्म की कहानी कैंपस स्टोरी है जिसमें कॉलेज के सबसे मशहूर लड़के पर कॉलेज की ही एक छात्रा रेप का आरोप लगा देती है। आरोप लगाने वाली इस छात्रा का रोल ही आकांक्षा रंजन को मिला है। वहीं कियारा फिल्म में हीरो के दोस्त के तौर पर दिखेंगी जो इस पूरे मामले को अपने नजरिये से देखती है और उसकी मदद करती है।
फिल्म गिल्टी की कहानी मनमर्जियां, केदारनाथ और जजमेंटल है क्या जैसी फिल्में लिख चुकी कनिका ढिल्लो ने लिखी है। फिल्म में कैंपस की लाइफस्टाइल पर सोशल मीडिया के असर को दिखाने के अलावा शोहरत के साइड इफेक्ट्स पर फोकस रहेगा। फिल्म को निर्देशित कर रही हैं रुचि नारायण।