पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड में आध्यात्मिक गुरु ओशो रजनीश पर फिल्म बनने की चर्चाएं जोरों पर थीं। कपूर एंड संस के निर्देशक शकुन बत्रा इसकी योजना बना रहे थे। जिसका निर्माण करण जौहर करने वाले थे। फिल्म में आमिर खान और आलिया भट्ट के होने की चर्चाएं थीं।
परंतु अब खबर है कि करण ने शकुन से कहा कि वह इस प्रोजेक्ट को फिल्म के रूप में बनाने के बजाय वेब सीरीज के रूप में बनाया जाए क्योंकि इस विश्व विख्यात विवादित गुरु की कहानी को डेढ़-दो घंटे की फिल्म में समेट पाना मुमकिन नहीं है।
शकुन अब वेब सीरीज के लिए तैयार हैं और उधर करण ने वेब कंपनी नेटफ्लिक्स के सामने भी प्रोजेक्ट पेश कर दिया है। यदि नेटफ्लिक्स मान गई तो ओशो की जिंदगी की कहानी पर्दे पर आ सकती है और इसमें आमिर खान भी दिख सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक करण इस सीरीज को दो सीजन में बनाना चाहते हैं। नेटफ्लिक्स ने इससे पहले इसी वर्ष ओशो पर अमेरिका में वाइल्ड वाइल्ड कंट्री रिलीज की, जो दुनिया भर में चर्चित हुई। सूत्रों का कहना है कि शकुन बत्रा अमेरिकी सीरीज से पहले ही ओशो की बायोपिक के आइडिये पर काम कर रहे थे।