फिल्ममेकर करण जौहर की इस साल की तीसरी फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 को लेकर जेनरेशन जेड में खासी उत्सुकता है। गर्मियों की छुट्टियों में युवाओं की मौज मस्ती वाली इस फिल्म को लेकर मेट्रो शहरों से लेकर छोटे शहरों तक पहुंचाने की धर्मा प्रोडक्शंस की कोशिशें रंग लाती दिख रही है।
फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 के निर्देशक पुनीत मल्होत्रा कहते हैं, ‘फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 खासतौर से युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई फिल्म है। ये फिल्म उन्हें एक संपूर्ण शख्सियत का मालिक बनने की बात कहती है। पढ़ाई लिखाई में अव्वल होना किसी छात्र की तरक्की का बस एक हिस्सा भर होता है, जरूरत इन दिनों हर छात्र को जीवन के हर क्षेत्र की बारीकियां सीखने की है। खेलकूद और फिटनेस भी आज की पीढ़ी के लिए उतनी ही जरूरी है।’
फिल्म से डेब्यू कर रहीं अभिनेत्रियां तारा सुतारिया और अनन्या पांडे भी इस फिल्म में अपने किरदारों को लेकर काफी उत्साहित हैं। अनन्या कहती हैं, ‘करण सर ने अपनी पिछली फिल्म में हिंदी सिनेमा को तीन नए सितारे दिए। इस बार उन्होंने हम पर भरोसा जताया है। इस फिल्म के लिए हमने जी जान लगाकर तैयारी की है और हमें उम्मीद है कि हम दर्शकों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।’
तारा सुतारिया का भी यही मानना है, वह कहती हैं, ‘जीवन के इंद्रधनुषी रंगों की झलक इस फिल्म में देखने को मिलेगी। ये फिल्म अनुशासन, समर्पण और भरोसे की कहानी है। इस फिल्म का मकसद यही है कि युवाओं को मनोरंजन के साथ साथ जिंदगी के सबक भी सीखते रहने चाहिए।’