सलमान ख़ान इस हफ़्ते के अंत में रियलिटी शो 'बिग बॉस' की मेज़बानी करते नज़र नहीं आएंगे। 27 दिसंबर को प्रसारित होने वाले इस एपिसोड में उनकी जगह कपिल शर्मा बिग बॉस के बॉस बनेंगे।
कलर्स चैनल के अनुसार '27 तारीख को सलमान ख़ान का जन्मदिन है। वह यह दिन अपने परिवार के साथ बिताना चाहते हैं। इस वजह से हमने उस दिन के लिए कपिल शर्मा को आमंत्रित किया है।'
सलमान पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वह दिसंबर के बाद से 'बिग बॉस' से अलग हो रहे हैं क्योंकि जनवरी से वह कबीर ख़ान की फ़िल्म 'बजरंगी भाईजान' की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे। इस फ़िल्म में उनके साथ करीना कपूर ख़ान की मुख्य भूमिका है।