कंगना रनौत बॉलीवुड निर्देशकों के बीच इन दिनों हॉट हैं और हर कोई उन्हें अपनी फिल्म में लेना चाहता है। यह बात किसी से छुपी नहीं है। ‘क्वीन’ के बाद कंगना की किस्मत बदल चुकी है लेकिन ऐसा लगता है कि वह अब उस मुकाम पर हैं, जहां से कुछ लोगों की जिंदगी पर बनने वाली कहानियों में उन्हें सबसे काबिल माना जा रहा है।
खबर थी कि संजय लीला भंसाली एक नामचीन महिला की जिंदगी पर फिल्म बनाने जा रहे हैं और उसके लिए वह कंगना से बातचीत कर चुके हैं। अब खबर आ रही है कि निर्देशक हंसल मेहदा का इरादा भी कुछ ऐसा ही है। सूत्रों के अनुसार ‘सिटी लाइट्स’ के बाद उनकी अगली फिल्म ‘बायोपिक’ होगी। वह ‘शाहिद’ के रूप में ऐसी बायोपिक बना चुके हैं, जिसने काफी वाहवाही बटोरी थी।
कंगना को पसंद आया विषय
हंसल इस वक्त अमेरिका में हैं, लेकिन वहां जाने से पहले उन्होंने कंगना से अपनी आगामी फिल्म के बारे में चर्चा की है। बताया जा रहा है कि हंसल ने कंगना से बातचीत की है कि क्या वह उनकी फिल्म के लिए समय निकाल सकेंगी? सूत्रों का कहना है कि कंगना को हंसल के द्वारा सुनाया गया विषय पसंद आया है।
वैसे जानकारों की मानें तो कंगना के पास इस समय काफी फिल्में हैं और यह समझना मुश्किल है कि वह इन सबको कैसे समय दे सकेंगी। सबसे पहले कंगना ‘तनु वेड्स मनु’ के सीक्वल में काम करने जा रही हैं, जिसमें उनका डबल रोल होगा।
इसके बाद वह निर्देशक रीमा कागती की एक फिल्म शूट करेंगी। इस रोमांटिक फिल्म में सैफ अली खान उनके को-स्टार होंगे। ये फिल्में पूरी होंगी तो इरफान के साथ कंगना निर्देशक साई कबीर की ‘डिवाइन लवर्स’ को शूट करेंगी। जो इंडो-फ्रेंच प्रोडक्शन फिल्म होगी।
निखिल आडवाणी की ‘कट्टी बट्टी’ में काम करने के लिए भी कंगना हां कह चुकी हैं, जिसमें वह बिना शादी किए इमरान खान के बच्चे की मां बनी नजर आएंगी।
क्या गारंटी है फिल्म चलने की?
कंगना इतना सारा काम कैसे कर पाएंगी और क्या गारंटी है कि उनकी ये सभी फिल्में चल जाएंगी? जानकार इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड में हर शुक्रवार को सितारों की इमेज का भाव ऊपर-नीचे हो जाता है।
इस बीच हंसल के नजदीकी सूत्रों ने बताया है कि कंगना विषय पसंद आने के बाद अपनी डेट्स की डायरी टटोल रही हैं। वह यह भी सोच रही हैं कि भंसाली और हंसल की बायोपिक में से किसे चुनें क्योंकि दो-दो बायोपिक करने का कोई मतलब नहीं बनता है।
इसके अलावा निर्देशक प्रकाश झा भी कंगना के सहारे फिर से बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी पाना चाह रहे हैं। उनकी पिछली फिल्म सत्याग्रह अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अर्जुन रामपाल और करीना कपूर जैसे सितारों की मौजूदगी के बावजूद बुरी तरह से पिट गई थी।
क्या कंगना झा के साथ काम करना चाहेंगी, यह देखना होगा। फिलहाल कंगना ने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी है और वह किसी सवाल का जवाब नहीं दे रही हैं।