बॉलीवुड में प्रियंका चोपड़ा के शुरुआती दिनों पर अगर फिल्म बनेगी तो उसमें इस पूर्व विश्व सुंदरी की भूमिका कौन निभाएगा? जब से ऐक्टर-मॉडल असीम मर्चेंट के फिल्म निर्माता के रूप में प्रियंका की जिंदगी पर फिल्म बनाने की खबर आई है, यह सवाल फिल्मी दीवानों के दिमाग में घूम रहा है।
खबर है कि मर्चेंट प्रियंका को रोल में कंगना रनौत को लेना चाहते हैं। फिल्म प्रियंका और उनके पूर्व मैनेजर प्रकाश जाजू के बीच हुए झगड़े को लेकर है। फिल्म में जाजू का रोल कौन निभाएगा यह अभी तय नहीं है।
और यह होगा फिल्म का नाम
सूत्रों के अनुसार फिल्म का नाम ‘67 डेज’ होगा। असीम मर्चेंट का कहना है कि वास्तव में यह फिल्म प्रकाश जाजू की जिंदगी पर आधारित है, न कि प्रियंका की। फिल्म में प्रकाश जाजू का ही नजरिया सामने आएगा।
प्रकाश ने भी एक बातचीत में कहा, ‘यह सच है कि असीम मेरे जीवन की घटनाओं पर फिल्म बना रहे हैं। इसके लिए मुझे उन्होंने दो करोड़ रुपये की कीमत भी दी है। सच तो यह है कि फिल्म सौ करोड़ से ज्यादा कमा सकती है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह दर्शकों को आकर्षित करेगी क्योंकि इसमें सचाई दिखाई जाएगी।’
उन्होंने कहा, ‘मैं कैसे भूल सकता हूं जब मैं प्रियंका से अपने हिस्से के पैसे मांग रहा था तो मेरे साथ क्या व्यवहार किया गया। आखिरकार साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउस से मुझे मेरे पैसे 2008 में मिले, लेकिन उसी साल मुझे 67 दिन की जेल भी काटनी पड़ी।’
कई बातों से हटेगा पर्दा
प्रकाश का कहना है, ‘मुझे सबसे ज्यादा आश्चर्य तब हुआ था जब प्रियंका के पिता स्वर्गीय डॉ.अशोक चोपड़ा ने मेरे खिलाफ एफआईआर लिखवाई थी कि मैं उनकी बेटी को परेशान कर रहा हूं। उन्हें नहीं पता कि इन सब बातों से मेरे परिवार को कितना कष्ट पहुंचा।
जबकि सचाई यह है कि मैंने उनकी बेटी के कैरियर को ऊंचाइयां देने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किए।’ जब प्रकाश के जीवन पर फिल्म बन रही है तो आखिर वह किन ऐक्टरों को फिल्म में देखना चाहते हैं? वह कहते हैं, ‘हम रणदीप हूडा और कंगना रनौत को फिल्म में लेना चाह रहे हैं।
वैसे अंतिम फैसला इन दोनों ऐक्टरों के साथ मिल कर असीम को लेना है। हम लोग नए चेहरों को भी आजमा सकते हैं।’ हालांकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि क्या इस मुद्दे पर कंगना से निर्माता की बातचीत हुई है और वह यह रोल करने को तैयार होंगी।