बोले- 'हैरान कर देने वाली फिल्म है'
फिल्म 'भागवत' में जितेंद्र कुमार को पहले कभी नहीं देखे गए अवतार में देखा जाएगा। फिल्म की रिलीज से पहले जितेंद्र कुमार ने एक बिल्कुल अलग किरदार में अपनी दिलचस्पी को लेकर बात की। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में जितेंद्र ने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से इस प्रोजेक्ट से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, 'यह एक हैरान कर देने वाली फिल्म है और इसे आश्चर्यजनक तरीके से बनाया गया है। हम ट्रेलर को मिली प्रतिक्रियाओं से काफी खुश हैं'।
किरदार के लिए लेखक और निर्देशक से की लंबी बात
जितेंद्र ने अपने किरदार को लेकर कहा कि उन्होंने इस भूमिका में ढलने के लिए लेखकों और निर्देशक के साथ व्यापक चर्चा की थी। जितेंद्र ने कहा, 'यह सुनिश्चित किया गया कि किरदार में रियलिज्म बरकरार रहे और मेरे किरदार की अलग-अलग परतों में भी यह हकीकत नजर आए। सभी सीन असली रियल लोकेशन पर फिल्माए गए, लेकिन मुझे कहानी की पृष्ठभूमि में गहराई से न जाने के लिए कहा गया, क्योंकि कहानी वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित है। उन्हें लगा कि यह गलत दिशा में जा सकती है'।
किरदार का हर हिस्सा अलग है
जितेंद्र ने अपने किरदार को चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने आगे कहा, 'इस भूमिका का हर हिस्सा एक अलग रंग और परत लेकर आता है। कुछ ऐसा, जो मैंने पहले कभी नहीं किया था'। जितेंद्र ने बताया कि शूटिंग के दौरान खासकर एक सीन पूरा करने के बाद वह उत्साहित और घबराए हुए दोनों थे। उन्होंने आगे कहा, 'जब भी हम कोई नया सीक्वेंस शूट करते थे तो मैं अपनी परफॉर्मेंस को लेकर बहुत उत्सुक रहता था। हर सीन मुझे घबराहट से भर देता था। मैं सोचता था कि मुझे इसे जल्दी से करना है और फिर देखना है कि यह कैसा बना है। मुझे आगे क्या बदलाव करने की जरूरत है'?
कब रिलीज होगी 'भागवत'?
जितेंद्र कुमार ने बताया कि 'भागवत' के डायलॉग राइटर उनके पुराने दोस्तों में से एक हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें इस ऑफर को स्वीकार करने में थोड़ा समय लगा। उन्होंने उन्हें फिल्म के लिए बुलाया और पूरी कहानी सुनाई। क्राइम और सस्पेंस के अलावा, इसमें अन्य भावनात्मक पहलू भी हैं। इसके बाद, मैंने स्क्रिप्ट दोबारा पढ़ी। हालांकि मुझे लगा कि यह मेरे लिए बहुत चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि फिल्म में दर्शकों को बताने के लिए बहुत कुछ है'। बता दें कि फिल्म में जितेंद्र के साथ अरशद वारसी लीड रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन अक्षय शेरे कर रहे हैं। यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म का प्रीमियर 17 अक्तूबर से जी5 पर होगा।